
बस्ती (उ.प्र.)। जिले में पुलिस विभाग में आईपीएस आफिसर मानसी दहिया ने बस्ती सदर क्षेत्राधिकारी के रुप में कार्यभार ग्रहण किया। ये साल 2023 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि महिला अपराध पर सख्ती और आमजन की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

(सत्येन्द्र भूषण त्रिपाठी)
सीओ दहिया से पहले सत्येन्द्र भूषण त्रिपाठी बस्ती में क्षेत्राधिकारी सदर रहे। अब श्री त्रिपाठी का स्थानांतरण मऊ जनपद में हो गया है। इन्होंने अपने कार्यों से जिले में काफी लोकप्रियता हासिल की।
नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप, कार्रवाई की मांग
बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कड़र खास गांव निवासी एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बेटी की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। एसपी को दिए शिकायती पत्र के अनुसार, महिला का आरोप है कि 27 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे गांव के ही एक युवक ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर रखा और फेसबुक व व्हाट्सऐप के माध्यम से उसे दबाव में रखा। पत्र में यह भी कहा गया है कि बेटी डर के कारण आरोपी के साथ रहने को मजबूर है।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि घर में रखे करीब 1.70 लाख रुपये नकद और लगभग आठ नग आभूषण भी बेटी के साथ ले जाए गए। महिला के मुताबिक, आरोपी युवक पहले से उसकी बेटी के पीछे पड़ा था और समझाने के बावजूद नहीं माना।

शिकायतकर्ता ने बताया कि 31 जुलाई 2026 को उसकी बेटी ने एक मोबाइल नंबर से बातचीत की और कथित तौर पर बताया कि वह दिल्ली में है। इससे परिवार को उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। प्रार्थना पत्र में एक अन्य व्यक्ति समेत कई लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले में मुकदमा दर्ज कर नाबालिग बेटी को जल्द बरामद करने तथा आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई है कि बेटी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है।




