
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को ट्रस्ट का नया सीईओ (CEO) नियुक्त किया है। ट्रस्ट की उच्च स्तरीय बैठक में इस फैसले पर मुहर लगाई गई। इस अहम प्रशासनिक बदलाव के साथ ही, राम मंदिर ट्रस्ट में लंबे समय से खाली चल रहे तीन महत्वपूर्ण पदों को भी भर दिया गया है। अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में 3 नए ट्रस्टी भी बनाए गए हैं मदन मोहन पांडेय, निर्मला यादव और महेश भागचंदका। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने इसकी घोषणा की।

दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पाण्डेय और शिकोहाबाद की डॉक्टर निर्मला यादव को ट्रस्ट का नया ट्रस्टी बनाया गया है। इसके साथ ही ट्रस्ट में जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। गोविंद देव गिरी को ट्रस्ट का महासचिव बनाया गया है, जबकि महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
मदन मोहन पाण्डेय
1 – रामलला के वकील रहे मदन मोहन पांडेय
अयोध्या निवासी मदन मोहन पांडेय पेशे से वकील हैं। वह 1991 से राम मंदिर से जुड़े मुकदमे की कानूनी लड़ाई लड़ते रहे हैं। पांडेय रामलला विराजमान की ओर से वकील रहे और इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मामले की पैरवी की।
टीवी से मिली नियुक्ति की सूचना
ट्रस्ट का सदस्य बनाए जाने के बाद मदन मोहन पांडेय ने कहा कि उन्हें दोपहर करीब 2 बजे टेलीविजन के जरिए नियुक्ति की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि उन्हें सेवा करने का अवसर मिला है और वह अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभाएंगे। मदन मोहन पाण्डेय ने मंदिर की व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि देखरेख में कमी थी, जिसे हर कोई मानता है। अब यह देखा जाएगा कि मंदिर की देखरेख और व्यवस्थाओं को किस तरह बेहतर बनाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि मंदिर की निगरानी और प्रबंधन में जहां भी सुधार की जरूरत होगी, उस पर काम किया जाएगा।
डॉ. निर्मला यादव
2 – डॉक्टर निर्मला यादव शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ीं
शिकोहाबाद की रहने वाली डॉक्टर निर्मला यादव लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं दे चुकी हैं। वह शिकोहाबाद के बीडीएम डिग्री कॉलेज की प्राचार्या रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने फिरोजाबाद के एमजी डिग्री कॉलेज में भी प्राचार्या के तौर पर जिम्मेदारी संभाली है। निर्मला यादव विश्व हिंदू परिषद के निधि समर्पण अभियान से भी जुड़ी रही हैं। अब उन्हें श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में शामिल किया गया है।
महेश भागचंदका कोषाध्यक्ष
3 – दिल्ली के महेश भागचंदका विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंघल से जुड़े फाउंडेशन का संचालन करते हैं। वह साल 2020 में राम मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य यजमानों में शामिल रहे थे। अब उन्हें ट्रस्ट का नया सदस्य बनाए जाने के साथ कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

गोविंद देव गिरी को ट्रस्ट का महासचिव बनाया गया है। ट्रस्ट में इन नियुक्तियों को राम मंदिर की व्यवस्थाओं और भविष्य की जिम्मेदारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

(अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन)
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने कहा कि इस पद के लिए 5538 लोगों का आवेदन आए थे। उसमें स्क्रीनिंग करते-करते यहां तक पहुंचे हैं। उसके बाद सभी को सुनने के बाद एक को सर्वसम्मति से चुना गया। सभी ने कहा कि वही हमारे सीईओ होंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने अपना पद छोड़ दिया है। उन्होंने पहले ही सितम्बर में पद छोड़ देने की घोषणा कर दी थी।

(गोविन्द देव गिरि जी)
कृष्ण मोहन ने कहा कि 6 जुलाई से अभी तक मैं अंतरिम महासचिव के रूप में काम कर रहा था अब इस पद के लिए महाराज गोविंददेव गिरि नए महासचिव हैं और महेश भागचंदका नए कोषाध्यक्ष होंगे।
सीईओ के गांव में खुशी
एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त) के पैतृक गांव भोपतपुरा (देवरिया) में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ के रूप में उनकी नियुक्ति पर गांव के लोगों ने अपनी खुशी जाहिर की। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (रिटायर्ड) ने कहा, पहले तो मैं चयन समिति का बहुत धन्यवाद करना चाहता हूं और मैं अपने आपको सौभाग्यशाली मानता हूं कि इतने लोगों में से मुझे चुना गया। इसे मैं श्री राम का आर्शीवाद मानूंगा कि 43 वर्ष राष्ट्र सेवा के बाद, भारतीय वायु सेना के बाद मुझे श्री राम ने एक और अवसर दिया है जहां पर मैं श्री राम मंदिर और भक्तों की सेवा कर सकूंगा।




