बस्ती (उ.प्र.)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री व पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के प्रथम बस्ती आगमन पर लखनऊ से लेकर बस्ती तक उनके स्वागत में नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जन सैलाब ने ऐतिहासिक स्वागत किया। लखनऊ एयरपोर्ट से लेकर बस्ती तक सैकड़ों स्थानों पर लोग बारिश में भी अपने नेता के स्वागत के लिए डटे रहे। हरीश द्विवेदी भी अपने इस ऐतिहासिक स्वागत से अभिभूत रहे और नेताओं, समर्थकों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। कार्यकर्ताओं के उत्साह का आलम यह रहा कि बस्ती रेलवे स्टेशन के पास आयोजित स्वागत कार्यक्रम सायं साढ़े चार बजे रखा गया था, परन्तु उनके पहुंचते पहुंचते रात के 11 बज गये। इनके राष्ट्रीय महामंत्री बनाये जाने से बस्ती एवं आसपास के जनपदों में भाजपाइयों में खासा उत्साह है। अकेले बस्ती जनपद में अयोध्या – बस्ती की सीमा से लेकर बस्ती रेलवे स्टेशन तक 128 स्थानों पर इनके स्वागत की सूची तैयार की गई थी। मजे की बात यह रही इनके स्वागत कार्यक्रम में पार्टी की एकजुटता ऐसी दिखी की गुटबाजी के सारे मिथक टूट गये। अपनी ही पार्टी में अलग अलग गुटों में बंटे लोगों ने हरीश द्विवेदी के स्वागत में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
लखनऊ में भव्य स्वागत कार्यक्रम से लेकर बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती तक उनका काफिला बढ़ता ही गया। भाजपा बस्ती जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र की अगुवाई में आयोजित स्वागत कार्यक्रम पूरे जोर शोर से चलता रहा। कार्यक्रम में जगह जगह ढोल नगाड़े और डीजे की भी धूम रही। नेताओं ने जगह जगह पाण्डाल बनाकर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया, और सिर्फ दो मिनट लिए अपने नेता को पाण्डाल में बुलाने के पलक पांवड़े बिछाये रहे, और हरीश द्विवेदी ने सभी का मान रखा। बस्ती में हर्रैया विधान सभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर एवं पूर्व राज्यमंत्री बृजकिशोर सिंह ‘डिम्पल’ पूरे समय लाव लश्कर सहित उनके साथ रहे। सभी स्वागत समारोह में सर्वाधिक आकर्षण का केन्द्र वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष शुक्ल का रहा। शहर में जनता होटल के निकट आशीष शुक्ल ने शाही अंदाज में हरीश द्विवेदी का स्वागत किया। उन्होंने बड़े शौक से हाथी, घोड़े और ऊंट पूरे गाजे-बाजे के साथ राष्ट्रीय महामंत्री का पुरजोर स्वागत किया।
हर्रैया से वर्तमान भाजपा विधायक अजय सिंह ने भी पूरे दलबल के साथ उनका स्वागत किया। जश्न और अभिनंदन का ऐसा सैलाब उमड़ा कि घघौवा से लेकर खलीलाबाद तक पूरा हाईवे और बस्ती शहर भगवामय हो गया। रास्ते भर पुष्प वर्षा और आतिशबाजी की धूम रही। विधायक अजय सिंह ने कहा कि हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जाना पार्टी में उनके अटूट समर्पण का सम्मान है।
वरिष्ठ भाजपा नेता वृन्दावन चन्द्रभान पाण्डेय ने पूरे दलबल के साथ बढ़चढ़ कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी के संगठनात्मक अनुभव का लाभ पूरे देश में पार्टी को मिलेगा। लोगों ने बुलडोजर पर चढ़कर जमकर पुष्प वर्षा की। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र की अगुवाई में घघौवा बॉर्डर पर कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर और पटाखे फोड़कर काफिले का स्वागत किया। इसके अलावा विक्रमजोत, छावनी, हर्रैया, महाराजगंज, कप्तानगंज, तिलकपुर शिव मंदिर, गोटवा, रिठिया, फुटहिया, मूड़घाट, बड़ेबन, साईं मंदिर कटरा, कंपनी बाग, गांधीनगर और रोडवेज से होते हुए आगे बढ़ा।
शहर के दक्षिण दरवाजा और होटल बालाजी प्रकाश मार्ग से होता हुआ यह विशाल काफिला सुयश होटल सभागार पहुंचा। यहाँ आयोजित भव्य आभार व अभिनंदन कार्यक्रम में जिले भर के मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों ने फूल-माला पहनाकर राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और हरीश द्विवेदी को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी।





