बस्ती (उ.प्र.)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री व पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के प्रथम बस्ती आगमन पर लखनऊ से लेकर बस्ती तक उनके स्वागत में नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जन सैलाब ने ऐतिहासिक स्वागत किया। लखनऊ एयरपोर्ट से लेकर बस्ती तक सैकड़ों स्थानों पर लोग बारिश में भी अपने नेता के स्वागत के लिए डटे रहे। हरीश द्विवेदी भी अपने इस ऐतिहासिक स्वागत से अभिभूत रहे और नेताओं, समर्थकों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। कार्यकर्ताओं के उत्साह का आलम यह रहा कि बस्ती रेलवे स्टेशन के पास आयोजित स्वागत कार्यक्रम सायं साढ़े चार बजे रखा गया था, परन्तु उनके पहुंचते पहुंचते रात के 11 बज गये। इनके राष्ट्रीय महामंत्री बनाये जाने से बस्ती एवं आसपास के जनपदों में भाजपाइयों में खासा उत्साह है।

अकेले बस्ती जनपद में अयोध्या – बस्ती की सीमा से लेकर बस्ती रेलवे स्टेशन तक 128 स्थानों पर इनके स्वागत की सूची तैयार की गई थी। मजे की बात यह रही इनके स्वागत कार्यक्रम में पार्टी की एकजुटता ऐसी दिखी की गुटबाजी के सारे मिथक टूट गये। अपनी ही पार्टी में अलग अलग गुटों में बंटे लोगों ने हरीश द्विवेदी के स्वागत में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

लखनऊ में भव्य स्वागत कार्यक्रम से लेकर बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती तक उनका काफिला बढ़ता ही गया। भाजपा बस्ती जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र की अगुवाई में आयोजित स्वागत कार्यक्रम पूरे जोर शोर से चलता रहा। कार्यक्रम में जगह जगह ढोल नगाड़े और डीजे की भी धूम रही। नेताओं ने जगह जगह पाण्डाल बनाकर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया, और सिर्फ दो मिनट लिए अपने नेता को पाण्डाल में बुलाने के पलक पांवड़े बिछाये रहे, और हरीश द्विवेदी ने सभी का मान रखा।

बस्ती में हर्रैया विधान सभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर एवं पूर्व राज्यमंत्री बृजकिशोर सिंह ‘डिम्पल’ पूरे समय लाव लश्कर सहित उनके साथ रहे।

सभी स्वागत समारोह में सर्वाधिक आकर्षण का केन्द्र वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष शुक्ल का रहा।

शहर में जनता होटल के निकट आशीष शुक्ल ने शाही अंदाज में हरीश द्विवेदी का स्वागत किया। उन्होंने बड़े शौक से हाथी, घोड़े और ऊंट पूरे गाजे-बाजे के साथ राष्ट्रीय महामंत्री का पुरजोर स्वागत किया।

हर्रैया से वर्तमान भाजपा विधायक अजय सिंह ने भी पूरे दलबल के साथ उनका स्वागत किया। जश्न और अभिनंदन का ऐसा सैलाब उमड़ा कि घघौवा से लेकर खलीलाबाद तक पूरा हाईवे और बस्ती शहर भगवामय हो गया। रास्ते भर पुष्प वर्षा और आतिशबाजी की धूम रही। विधायक अजय सिंह ने कहा कि हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जाना पार्टी में उनके अटूट समर्पण का सम्मान है।

सहकारी गन्ना विकास समिति बस्ती के अध्यक्ष प्रदीप सिंह पिंकू ने भारतीय जनता के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के प्रथम गृह जनपद आगमन पर बस्ती – अयोध्या सीमा पर कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर भव्य स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि श्री द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाये जाने से जिले के नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह चार गुना बढ़ गया है। आने वाले समय में पार्टी का प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दि सीएमएस स्कूल बस्ती के प्रबन्धक अनूप खरे हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाये जाने की खुशी में लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचकर फूल मालाओं से लाद कर उनका स्वागत किया।

अनूप खरे ने गृह जनपद बस्ती पहुंचने पर भी उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री जिन हरीश जी को विद्यार्थी परिषद में सदस्यता दिलाने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ था आज उन्हें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री पद पर देख कर मन प्रफुल्लित है।
बहुत बहुत बधाई।
वीसी पाण्डेय के संयोजन में हरीश द्विवेदी का भव्य स्वागत

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के बस्ती आगमन पर भाजपा नेता वृन्दावन चंद्रभान पाण्डेय के संयोजन में समर्थकों ने स्वागत समारोह का आयोजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं ने हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी।

वृन्दावन चंद्रभान पाण्डेय ने कहा कि हरीश द्विवेदी को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना बस्ती जनपद के लिए गौरव की बात है। उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी।

स्वागत समारोह में दिलीप पाण्डेय, रविन्द्र उपाध्याय, संजय गुप्ता, अजीत कुमार, विजय पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाजपा और हरीश द्विवेदी के समर्थन में नारे लगाए। 
वरिष्ठ भाजपा नेता वृन्दावन चन्द्रभान पाण्डेय ने पूरे दलबल के साथ बढ़चढ़ कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी के संगठनात्मक अनुभव का लाभ पूरे देश में पार्टी को मिलेगा। लोगों ने बुलडोजर पर चढ़कर जमकर पुष्प वर्षा की। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र की अगुवाई में घघौवा बॉर्डर पर कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर और पटाखे फोड़कर काफिले का स्वागत किया। इसके अलावा विक्रमजोत, छावनी, हर्रैया, महाराजगंज, कप्तानगंज, तिलकपुर शिव मंदिर, गोटवा, रिठिया, फुटहिया, मूड़घाट, बड़ेबन, साईं मंदिर कटरा, कंपनी बाग, गांधीनगर और रोडवेज से होते हुए आगे बढ़ा।

भाजपा नेता राजकुमार शुक्ल ने हरीश द्विवेदी का स्वागत करते हुए कहा कि कुछ स्वागत इतिहास में दर्ज होते हैं और कुछ स्वागत दिलों में बस जाते हैं। बस्ती की धरती पर राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी जी के स्वागत का शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय भाजपा जिलाध्यक्ष आदरणीय श्री विवेकानंद मिश्र जी के कुशल नेतृत्व में जनपद के लगभग 150 से अधिक स्वागत स्थलों पर जिस आत्मीयता, अनुशासन और समर्पण के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का अभिनंदन किया, वह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के दिलों में बसे अपनेपन और विश्वास की अभिव्यक्ति थी।

राजकुमार शुक्ल ने कहा कि यह अद्भुत आयोजन आदरणीय विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व और बेहतरीन प्रबंधन का प्रमाण भी बना। इतने बड़े जनपद में हजारों कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में पिरोकर, हर स्वागत स्थल पर व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखना अपने आप में संगठनात्मक कुशलता की मिसाल है। यही भाजपा की असली ताकत है।

रूधौली से लगातार दो बार विधायक रहे वरिष्ठ नेता संजय प्रताप जायसवाल ने भी लाव लश्कर के साथ राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का गर्म जोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नेता एक होता है, लेकिन उसके पीछे खड़ा कार्यकर्ता परिवार हजारों दिलों का होता है। बस्ती ने हरीश द्विवेदी का केवल स्वागत नहीं किया है बल्कि उन्हें अपनेपन और प्रेम से गले लगाया है।

श्री जायसवाल ने इस ऐतिहासिक क्षण को सम्भव बनाने वाले जिलाध्यक्ष सहित भाजपा के प्रत्येक पदाधिकारी, देवतुल्य कार्यकर्ता, युवा साथी एवं बस्ती की सम्मानित जनता – जनार्दन को हृदय की गहराइयों से कोटि-कोटि नमन करते हुए आभार व्यक्त किया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने भी पूरे दल बल के साथ हरीश द्विवेदी का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने हरीश द्विवेदी को एक कुशल संगठन कर्ता और सरल व्यक्तित्व का धनी बताया। उन्होंने कहा कि हरीश जी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाये जाने से पूरे पूर्वांचल में हर्ष का माहौल है।

शहर के दक्षिण दरवाजा और होटल बालाजी प्रकाश मार्ग से होता हुआ यह विशाल काफिला सुयश होटल सभागार पहुंचा। यहाँ आयोजित भव्य आभार व अभिनंदन कार्यक्रम में जिले भर के मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों ने फूल-माला पहनाकर राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और हरीश द्विवेदी को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी। बता दें कि हरीश द्विवेदी शुरु से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे हैं और संगठन के कार्यों में लगातार सक्रिय रहे हैं। समय के साथ साथ पार्टी संगठन में इनकी निष्ठा को देखते हुए दायित्व दिये जाते रहे। जिला स्तर, प्रदेश स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में अपनी अलग छवि और पहचान भी बनाया। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इन्हें विधानसभा क्षेत्र कप्तानगंज से टिकट मिला। काफी मजबूती से चुनाव लड़ने बाद भी यह चुनाव जीत पाने में सफलता नहीं मिल पाई।

(स्वागत कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व राज्यमंत्री बृजकिशोर सिंह ‘डिम्पल’, वरिष्ठ नेता खादिम हुसेन एवं कृष्ण कुमार गुप्ता ‘किस्सू’)
साल 2014 लोक सभा चुनाव मोदी लहर में हरीश द्विवेदी को पार्टी ने लोकसभा क्षेत्र 61 बस्ती से टिकट दिया। इस चुनाव में भारी मतों से जीत हुई। इसके बाद वर्ष 2019 में दूसरी बार भी भाजपा ने इन्हें लोकसभा प्रत्याशी बनाया और जनता ने अपने वोटों से इन्हें पुनः लोकसभा में अपना प्रतिनिधित्व दिया। इस तरह हरीश द्विवेदी ने दो कार्यकाल में दस वर्षों तक लगातार बस्ती जनपद का लोकसभा में प्रतिनिधित्व किया। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी ये भाजपा के प्रत्याशी रहे, परन्तु यह चुनाव नहीं जीत पाते। चुनाव जीतने हारने की परवाह न करते हुए पार्टी संगठन में लगातार काम करने में विश्वास रखने के कारण इन्हें पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां देना शुरु कर दिया और असम राज्य का प्रभारी बनाया गया। उसके बाद राजस्थान निकाय चुनाव का भी प्रभारी बनाया गया। इसके कुछ ही दिनों बाद हुए कार्यकारिणी विस्तार में अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ ही हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है।
हरीश द्विवेदी का सफर
हरीश द्विवेदी ने संगठनात्मक कार्यशैली और जमीनी जुड़ाव के बल पर राजनीति में अलग मुकाम हासिल किया है। इन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति की पाठशाला शुरु की थी। ये बस्ती जिले में कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के तेलियाजोत गांव के निवासी हैं। इनका जन्म 22 अक्टूबर 1973 को सामान्य किसान परिवार में हुआ था। इनके पिता साधुशरण दुबे और माता यशोदा देवी ने उन्हें संस्कार, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों की सीख दी। हरीश जी ने गोरखपुर विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने के बाद सार्वजनिक जीवन को अपना कार्यक्षेत्र बनाया। उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और संगठन के विभिन्न स्तरों पर काम करते हुए अपनी कार्यक्षमता साबित की। शुरुआती दौर में कृषि और सामाजिक कार्यों से जुड़ाव ने उन्हें जमीनी परिस्थितियों को समझने का अवसर दिया। यही अनुभव आगे चलकर उनकी राजनीतिक शैली की महत्वपूर्ण ताकत बना।

संगठन में लगातार सक्रियता के चलते उन्होंने जिला और प्रदेश स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। धीरे – धीरे उनकी पहचान एक मेहनती, अनुशासित और समर्पित संगठनकर्ता के रूप में बनी। भारतीय जनता पार्टी में उनकी भूमिका बढ़ती गई और वे पार्टी के प्रभावशाली नेताओं में शामिल होते चले गए। वर्ष 2012 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली। इस हार को उन्होंने राजनीतिक यात्रा की रुकावट नहीं बनने दिया, बल्कि इससे सीख लेकर संगठन और जनसंपर्क को और मजबूत किया।

वर्ष 2014 में बस्ती लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर वे पहली बार संसद पहुंचे। इसके बाद वर्ष 2019 में भी उन्होंने जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ को और मजबूत किया। सांसद के रूप में विभिन्न संसदीय समितियों में सक्रिय भागीदारी के साथ उन्होंने अपनी कार्यशैली और राजनीतिक समझ का परिचय दिया। समय के साथ पार्टी संगठन में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ती गईं और उन्हें महत्वपूर्ण रणनीतिक एवं प्रबंधकीय दायित्व सौंपे गए। वर्ष 2024 के बाद उन्हें असम जैसे महत्वपूर्ण राज्य का प्रभारी बनाया गया। संगठनात्मक स्तर पर उनकी सक्रिय भूमिका और रणनीतिक क्षमता को देखते हुए वर्ष 2026 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने की बात सामने आई, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर उनकी राजनीतिक भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई।

हरीश द्विवेदी की राजनीति की खासियत यह मानी जाती है कि उनकी पहचान केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रही, बल्कि संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद बनाए रखने और रणनीतिक स्तर पर जिम्मेदारियां निभाने के कारण उनका राजनीतिक कद लगातार बढ़ा है। बस्ती से दिल्ली तक का उनका सफर एक जमीनी कार्यकर्ता के राष्ट्रीय राजनीति के शीर्ष संगठनात्मक दायित्वों तक पहुंचने की कहानी है।

विश्व संवाद परिषद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रकोष्ठ, भारत के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि बस्ती से दिल्ली तक हरीश द्विवेदी ने सियासी सफर में संगठन की रणनीति से राष्ट्रीय नेतृत्व तक अपनी बनाई मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सियासत में भीड़ बहुत होती है, लेकिन पहचान उन्हीं नेताओं की बनती है, जो संगठन की नस – नस को समझते हुए लगातार मेहनत, अनुशासन और रणनीतिक क्षमता के साथ आगे बढ़ते हैं। हरीश द्विवेदी का राजनीतिक सफर इसी बात की मिसाल है। बस्ती की धरती से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाने वाले हरीश द्विवेदी सचमुच बस्ती के लाल साबित होंगे और बस्ती के विकास के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।
राष्ट्रीय महामंत्री के स्वागत में बस्ती मण्डल के कोने कोने से आकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बस्ती आकर हरीश द्विवेदी का स्वागत किया। सिद्धार्थनगर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेन्द्र प्रताप सिंह, खलीलाबाद (संतकबीरनगर) के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने भी बस्ती पहुंचकर जोरदार स्वागत किया। बस्ती नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा के प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, नगर पंचायत नगर बाजार अध्यक्ष नीलम सिंह राना के प्रतिनिधि दिनेश प्रताप सिंह उर्फ सुड्डू सिंह, बस्ती सदर के पूर्व भाजपा विधायक दयाराम चौधरी, खलीलाबाद से वैभव चतुर्वेदी, बनकटी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविन्द पाल, वरिष्ठ भाजपा नेता पं. सरोज कुमार मिश्र उर्फ सरोज बाबा एवं तेज प्रताप सिंह उर्फ सुड्डू सिंह सहित हजारों नेताओं – कार्यकर्ताओं ने हरीश द्विवेदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।


