बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। जनपद में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के 138 पद रिक्त थे, जिसमें से 132 पदों पर चयन की कार्यवाही पूर्ण कर ली गयी है।

विकास भवन सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उपाध्यक्ष गौ सेवा आयोग महेश शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल का स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुये जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा स्वागत उद्बोधन में बताया गया कि पूर्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के काफी पद रिक्त थे, परन्तु नवीन शासनादेश निर्गत होने के उपरान्त मिशन रोजगार के तहत समस्त रिक्त पदों को भरने की कार्यवाही की गयी है। जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के कुल 2655 पद हैं तथा सहायिका के भी इतने ही पद स्वीकृत हैं।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए विभाग में उनकी भूमिका एवं दायित्वों पर प्रकाश डाला गया तथा बच्चों के पोषण प्रबंधन हेतु पहल किये जाने पर बल दिया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए बताया गया कि गांव में तथा अपने क्षेत्र में सभी महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें तथा जनपद के सभी बच्चों की पोषण स्थिति को बेहतर करने का प्रयास करें।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष गौ सेवा आयोग द्वारा सभी नवचयनित कार्यकत्रियों को नौकरी की बधाई के साथ-साथ दीपावली एवं धनतेरस की शुभकामनायें देते हुए बताया गया कि दीपावली के अवसर पर अपने घर के साथ-साथ अपने आस पडोस तथा गरीब घर में भी रोशनी का दीपक जलायें।

श्री शुक्ल ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का दायित्व काफी बड़ा है, तथा ममत्व की भावना से कार्य करते हुए अपने क्षेत्र के बच्चे का ध्यान रखना है। उनके द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अपने कार्य से समाज में मिशाल कायम करने का आवाहन किया गया। कार्यक्रम में समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकायें एवं अन्य विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।


