बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। आगामी दीपावली, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी ने की। इसमें जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था तथा प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी ने कहा कि सभी पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रखी जाएं। सभी सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों को क्रियाशील रखते हुए चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहें तथा एंबुलेंस की व्यवस्था भी सक्रिय रखी जाए। उन्होंने अग्निशमन विभाग को निर्देशित किया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अलर्ट मोड पर रहें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि दीपावली पर पटाखों की दुकानों पर अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं। प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रहें तथा पर्याप्त मात्रा में बालू और पानी की व्यवस्था रखी जाए। दुकानों के आसपास सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों को यह भी निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थलों, पूजा स्थलों और घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के समुचित प्रबंध किए जाएं। जलाशयों एवं नदियों में विसर्जन के दौरान गोताखोरों, नाव एवं बचाव दल की व्यवस्था उपलब्ध रहे। छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि उक्त त्यौहार को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्द वातावरण में सम्पन्न कराये जाने हेतु प्रशासनिक कक्ष कलेक्ट्रेट बस्ती में कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गयी है। जिसका दूरभाष नं0 05542-247128 है। कन्ट्रोल रूम में कार्मिक की ड्यिूटी शिफ्टवार लगायी गयी है। तैनात कार्मिक अपने निर्धारित समायावधि में कन्ट्रोल रूम में उपस्थित रहकर दीपावली एवं लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन से सम्बन्धित सूचना/शिकायत प्राप्त होने पर निस्तारण हेतु उच्चाधिकारियों को अवगत करायेंगे। उन्होंने बताया कि कन्ट्रोल रूम आगामी 6 नवम्बर से क्रियाशील किया जायेगा।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क दृष्टि रखते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रतिमा विसर्जन जुलूसों के निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम आगामी 10, 11 एवं 12 नवम्बर को प्रस्तावित है। इसके दृष्टिगत सभी संबंधित अधिकारी विसर्जन स्थलों एवं निर्धारित मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर लें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री मानसी दहिया, डी0एफ0ओ0 डा0 शिरीन, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य चितरंजन कुमार, अधिशासी अभियन्ता पी0डब्लू0डी0 संजीव कुमार, एस0ई0 विद्युत मो0 खालिद, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकान्त तिवारी, राजेश यादव, अहमद फरीद खान सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


