
नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर में मैक्स हास्पिटल के पास तंग गलियों के बीच चल रहे हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आज सुबह अचानक आग लग जाने से 21 लोगों की जलकर और दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में अफ्रीकी और नाइजीरिया समेत 17 विदेशी नागरिकों की मौत होने की खबर है। अग्निकांड में घायल कम से कम 15 लोगों को पास के मैक्स हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। यहां भर्ती 7 – 8 लोगों की गम्भीर स्थिति को देखते आईसीयू में भर्ती किया गया है। एनडीआरएफ – एसडीआरएफ की टीम लगातार राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है। होटल का नाम फ्लोरिश स्टे बी एंड बी है। इस होटल में मात्र छ: कमरों के नाम पर 24 कमरों का होटल संचालित किया जा रहा था। जांच पड़ताल में पता चला कि इसके पास फायर एनओसी भी नहीं था। होटल के स्वामी लोकेश बजाज और उनके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। व्यस्ततम इलाके में हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे देश में हाहाकार मच गया है। फायर एनओसी, इमरजेंसी एक्जिट न होना सहित तमाम कमियों पर सरकारी मशीनरी और सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आज सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में हुई इक्कीस मौतें दिल दहला देने वाली हैं। जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। हादसा सुबह नाश्ते के समय रेस्टोरेंट में हुआ। रेस्टोरेंट बिल्डिंग के नीचे बेसमेंट में चल रहा था, जहां आग लगने के बाद बिल्डिंग में तेजी से फैली और पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। आग का विकराल रूप देख कई लोग जान बचाने के लिए बिल्डिंग से नीचे गद्दों पर कूद गए। रेस्टोरेंट के ऊपर गेस्ट हाउस भी था, उसमें विदेशी नागरिक थे। रेस्टोरेंट के ठीक सामने ही मैक्स अस्पताल है। वहां इलाज कराने आए मरीजों के तीमारदार इस गेस्ट हाउस में ठहरे थे। रेस्टोरेंट में भी घटना के समय नाश्ता चल रहा था। 60 से अधिक लोग मौजूद थे। बेसमेंट में रेस्टोरेंट के अलावा कई कमरे भी हैं, जहां लोग मौजूद थे। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। डीसीपी अनंत मित्तल का कहना है कि हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, यह आशंका जताई जा रही है कि लोगों की मौत का यह आंकड़ा अभी बढ़ सकता है। मौके पर बचाव कार्य जारी है।
फायर ब्रिगेड के अनुसार, सुबह 8.50 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बेसमेंट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर रविंदर मौके पर मौजूद रहकर ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, और मामले की जांच की जा रही है। इसी क्रम में DDMA (साउथ डिस्ट्रिक्ट) के SDM जितेंद्र कुमार ने कहा, “जैसे ही हमें कॉल मिली, हमने तुरंत DDMA सेल को एक्टिवेट कर दिया। हमें पता चला है कि इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट चल रहा था। ऊपर के फ्लोर पर मौजूद कुछ लोगों ने, स्थानीय लोगों द्वारा सड़क पर बिछाए गए गद्दों पर कूदकर अपनी जान बचाई।”
भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों: बीजेपी विधायक
मालवीय नगर आग हादसे को लेकर बीजेपी विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा, “यह घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। इसके बारे में पता चलते ही, हमारी पहली प्रतिक्रिया थी कि आपदा प्रबंधन की पूरी व्यवस्था को सक्रिय किया जाए और घटनास्थल पर पहुंचा जाए। स्थानीय लोगों ने बहुत मदद की। दिल्ली पुलिस, अग्निशमन विभाग और DM ने तुरंत कार्रवाई की। पूरा प्रशासन यहां मदद के लिए मौजूद है। हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।”
मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में लगी आग पर “फ़ायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों ने किसी तरह काबू पा लिया है। पुलिस, अग्निशमन सेवा एवं अन्य आपातकालीन एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से 40 से अधिक व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार हेतु निकटवर्ती अस्पतालों में भेजा गया है। घटना में जलने वालों को मैक्स अस्पताल साकेत ले जाया गया। अस्पताल ने बयान जारी करते हुए कहा, “जिन 39 मरीज़ों को अस्पताल लाया गया था उनमें से 18 की पहले ही मौत हो चुकी थी।”
घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उप-राज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक्स पर पोस्ट करके इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए दो लाख और घायलों को 50 हज़ार रुपये की सहायता राशि देने का एलान किया है। पीएमओ ने लिखा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से हुई मौतें दुखद हैं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं।”




