बस्ती (उ.प्र.)। कप्तानगंज ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि और भाजपा नेता भोला कुमार निषाद पर बीती रात जानलेवा हमला हो गया। ये हादसा सोमवार रात करीब 8:30 बजे त्रिलोकपुर (तेलियाडीहा) गांव के निकट उस वक्त हुआ जब दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी एसयूवी पर पीछे से दो राउंड फायरिंग की। गोलियां शीशा तोड़कर निकल गईं। भोला निषाद और उनके चालक बाल-बाल बच गए। मौके पर आई पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर छानबीन शुरु कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के अन्तर्गत एफआईआर दर्ज की गई है।

कप्तानगंज थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव निवासी भोला कुमार निषाद भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं। उनकी पत्नी मिथलेश निषाद वर्तमान में कप्तानगंज ब्लॉक की प्रमुख हैं। भोला के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह अपनी एसयूवी से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। गाड़ी त्रिलोकपुर गांव निवासी तरुण कुमार निषाद चला रहे थे। वायरलेस चौराहे से महराजगंज मार्ग पर त्रिलोकपुर (तेलियाडीहा) गांव के निकट पहुंचते ही दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। इसके बाद पीछे से दो राउंड गोलियां चलाईं। गोलियां एसयूवी का शीशा तोड़ते हुए निकल गईं, लेकिन भोला निषाद और चालक को नहीं लगीं। अचानक हुए इस हमले से घबराए भोला और उनके चालक ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। दोनों महराजगंज कस्बे के एक मैरेज हॉल में जाकर छिप गए। इसके बाद भोला ने परिजन और महराजगंज कस्बे के लोगों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में हमले की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। थाने पर भी उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज के प्रभारी एसओ कमलेश गौड़, वीके सरोज और अजय यादव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। देर रात अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और कलवारी सीओ बृजेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। एएसपी ने एसयूवी पर गोलियों से बने निशानों का भी निरीक्षण किया। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने देर रात तक कई जगह छापेमारी की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बदमाशों की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं मिली थी। कप्तानगंज के प्रभारी एसओ कमलेश गौड़ ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल में जुटी है।

जानकारी के अनुसार ब्लॉक प्रमुख पति पर हमले को लेकर वर्चस्व के जंग की चर्चा है, जिसमें दबी जुबान से पूर्व प्रमुख रामशंकर यादव के नाम की भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। लोगों का मानना है कि प्रमुख के चुनाव को लेकर शुरू से ही एक गुट की उनसे तनातनी बनी हुई है। पूर्व में प्रमुख पति ने खुद पर हमला करने की भी आशंका जताई थी। हालांकि उन्होंने अभी किसी व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। इन कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस और सर्विलांस की टीम हर पहलू पर जांच कर रही हैं। बताया जाता है कि हमले के बाद दो बाइक पर चार बदमाश फोरलेन के रास्ते भाग निकले। एएसपी श्यामकांत ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज करते हुए मामले का खुलासा करने के लिए एसओजी, स्वाट समेत अन्य टीम लगाई गई है।
एडिशनल एसपी श्यामकांत के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें, जिसमें थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव और महाराजगंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार तिवारी शामिल हैं, लगातार जांच कर रही हैं। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम, एसओजी (SOG) और सर्विलांस टीम ने भी घटनास्थल (त्रिलोकपुर/तेलियाडीहा गांव के पास) से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। इस घटना को बीते माह अगस्त 2026 में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामशंकर यादव के साथ हुए विवाद और गाली-गलौज के मामले से जोड़ कर भी देखा जा रहा है, जिसकी शिकायत भोला निषाद ने कप्तानगंज थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है।


