
बस्ती (उ. प्र.)। जिले के कप्तानगंज थानान्तर्गत ग्राम ऐंठीडीह निवासी वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर दुर्गा प्रसाद तिवारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वे अपनी बेटी के घर गोरखपुर जाने के लिए घर से निकले थे। वे बाइक से थे। जिसे कप्तानगंज में रखकर बस से गोरखपुर जाने वाले थे। नियति के क्रूर पंजों ने उन्हें कप्तानगंज पहुंचने के पहले ही जकड़ लिया और उनकी जीवन लीला समाप्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार बाइक सवार की टक्कर से हादसा हुआ, जिसमें इनकी जान चली गई। ये हादसा रखिया के आगे मदनपुर गांव के पास इब्राहिम के मकान के सामने हुआ। इनके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में हादसे का फुटेज जरुर होगा।

श्री दुर्गा प्रसाद तिवारी जी सरल एवं व्यवहार कुशल व्यक्तित्व के धनी थे। वे क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तियों में से एक थे। दुर्गा प्रसाद तिवारी का बड़ा बेटा सुशील कुमार तिवारी देवरिया जिले में नायब तहसीलदार है। दूसरा बेटा वकील है। उनके छोटे भाई अनिल कुमार तिवारी ने इस सम्बन्ध में थाना कप्तानगंज में प्रार्थना पत्र भी दे दिया है। परिजनों को पूरी सम्भावना है कि एक्सीडेंट करने वाले बाइक सवार की पहचान हो जाएगी। क्योंकि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई होगी। अनिल तिवारी एफआईआर और पोस्टमार्टम कराना चाह रहे हैं। जिसकी प्रक्रिया अभी नहीं शुरु हो पाई है। कप्तानगंज ब्लॉक के मदनपुरा के पास भिऊरा – कप्तानगंज मार्ग पर पांच जून शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल दुर्गा तिवारी को तत्काल कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्गा प्रसाद तिवारी अपने पाँच भाइयों में दूसरे नंबर के थे। सरकारी सेवा से रिटायर्ड पेशकार के रूप में उन्होंने अपना जीवन ईमानदारी से बिताया। उनकी पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका था। वे अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। बड़े बेटे गुड्डू कानूनगो के पद पर देवरिया जिले में तैनात हैं, जबकि छोटे बेटे सौरभ बनारस में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। कप्तानगंज थाना प्रभारी आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।
पर्यावरण रक्षा के लिये पौधरोपण जरूरी-सोनमती देवी
लगाये पौध दिया हरियाली का संदेश
बस्ती। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत गनेशपुर में अध्यक्ष श्रीमती सोनमती देवी की अध्यक्षता व अधिशासी अधिकारी के उपस्थिति में वृक्षारोपण किया गया।

पौधरोपण करने के बाद अध्यक्ष सोनमती देवी ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने, जलवायु परिवर्तन से निपटने और भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र सुनिश्चित करने में पेड पौधे सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। कहा कि स्वास्थ्य लाभ प्रकृति और हरियाली के बीच रहने से मानसिक तनाव कम होता है और लोगों के शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार होता है। अनेक औषधीय पेड़-पौधे हमें गंभीर बीमारियों से लड़ने की क्षमता और प्राकृतिक औषधियां प्रदान करते हैं। उन्होने वृक्षारोपण को एक जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया ।
वृक्षारोपण के दौरान नगर पंचायत के कर्मचारीगण दुर्गाप्रसाद चौधरी, मो० आरिफ, विकास चौधरी, रिंकू यादव, प्रवती सिंह, अवधेश पटेल, सुधीर चौरसिया, रोहित दूबे आदि मौजूद रहे।





