वैशाली में रिश्तों का टूटना: पति ने जमीन बेचकर पत्नी को बनाया शिक्षक, नौकरी मिलते ही छोड़ा परिवार
हाजीपुर (वैशाली)। वैसे तो देश में कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें पत्नियों ने अपने कैरियर की सफलता के बाद अपने पति और ससुराल पक्ष को ठोकर मार दिया हो और अलग हो गई हों। इनमें अधिकतर मामले प्रेम प्रसंग से जुड़े ही सामने आते हैं। चाहे तैयारी और नौकरी के दौरान हुआ नया प्यार हो या ससुराल पक्ष से छिपाया हुआ पुराना प्यार। इसे सिर्फ स्वार्थ भरे कथित रिश्ते का नाम दिया जाय तो गलत नहीं होगा। ऐसे में यह भी देखा गया है कि इस तरह के नये रिश्ते ज्यादातर टिकाऊ नहीं होते। अन्ततः या तो परिवार माफ कर स्वीकार करता है या तो स्वच्छंद रहना स्वीकार करना पड़ता है। ऐसा ही ताजा मामला हाजीपुर बिहार से सामने आया है। जिसमें एक विवाहिता ने पति द्वारा जमीन बेचकर पढ़ा लिखा कर पत्नी को शिक्षिका बनाया और अब वो पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने लगी है।
बिहार के वैशाली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों, भरोसे और त्याग पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एक पति ने अपनी पत्नी को पढ़ाने और शिक्षक बनाने के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी, लेकिन जैसे ही पत्नी बीपीएससी शिक्षिका बनी, उसने पति और अपने 10 वर्षीय बेटे को छोड़ दिया।
मामला हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुवार दोपहर एक स्कूल के बाहर इस पूरे विवाद को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
पति का आरोप: त्याग का मिला धोखा
बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल पंचायत वार्ड संख्या-13 निवासी अमन कुमार ने अपनी पत्नी गुंजन कुमारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमन का कहना है कि उन्होंने अपनी पत्नी की पढ़ाई के लिए दिन-रात मेहनत की और जो भी कमाया, उसे उसकी शिक्षा पर खर्च किया। यहां तक कि वर्ष 2022 में उन्होंने अपनी डेढ़ कट्ठा पुश्तैनी जमीन भी बेच दी, ताकि पत्नी की पढ़ाई और नौकरी का सपना पूरा हो सके।
अमन के अनुसार, वर्ष 2013 में उनकी शादी गुंजन कुमारी से हुई थी, जो उस समय इंटर पास थीं और आगे पढ़कर शिक्षक बनना चाहती थीं। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने कभी पत्नी की पढ़ाई नहीं रुकने दी।
नौकरी के बाद बदले रिश्ते
अमन का आरोप है कि जैसे ही गुंजन कुमारी को बीपीएससी के तहत शिक्षिका की नौकरी मिली, उनका व्यवहार बदल गया। उन्होंने दावा किया कि ट्रेनिंग के दौरान उनकी पत्नी की नजदीकियां उसके कॉलेज मित्र प्रेम प्रकाश जायसवाल से बढ़ गईं।
अमन के मुताबिक, दोनों के बीच पहले से संपर्क था और ट्रेनिंग के दौरान चोरी-छिपे मिलना-जुलना जारी रहा। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो पत्नी ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया।
किराए के मकान में अलग रह रही थी पत्नी
अमन ने बताया कि उनकी पत्नी हाजीपुर के लिच्छवि नगर स्थित एक किराए के मकान में अलग रह रही है। 25 मई को उन्हें सूचना मिली कि गुंजन अपने कथित प्रेमी के साथ कमरे में है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा किया।
उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग और मकान मालिक वहां पहुंच गए और दरवाजा खुलवा दिया। इस घटना का वीडियो होने का भी दावा किया गया है।
बेटे ने भी लगाए गंभीर आरोप
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि 10 वर्षीय बेटे ने भी अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाए। बच्चे ने कहा कि ट्रेनिंग के दौरान भी एक “अंकल” घर आते थे और कई दिनों तक रुकते थे। मां उसे उन लोगों को “मामा” बताने के लिए कहती थी। बच्चे ने मां के साथ जाने से भी इनकार कर दिया।
जांच और कार्रवाई का इंतजार
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। मामला पारिवारिक विवाद, विवाह संबंधी अधिकार और सामाजिक मूल्यों से जुड़ा होने के कारण काफी संवेदनशील बना हुआ है।





