केरल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और लेफ्ट पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और देश के विकास के लिए काम कर रही है, जबकि विपक्ष सिर्फ राजनीति कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार की नीतियों का सबसे ज्यादा फायदा महिलाओं को मिला है। उन्होंने बताया कि घर-घर शौचालय, जनधन खाते और घर महिलाओं के नाम पर देने जैसे कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुद्रा लोन और ‘लखपति दीदी’ जैसे अभियानों से बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का मौका मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया है। उन्होंने बताया कि 16 से 18 अप्रैल तक संसद सत्र में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर आगे चर्चा की जाएगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस बिल का समर्थन करने की अपील की और कहा कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केरल के सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजगार की है, जिसके कारण युवा बाहर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को उद्योग, सेवा क्षेत्र और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक राजनीति के कारण केरल का विकास रुक रहा है और राज्य तभी आगे बढ़ेगा जब इन बाधाओं को दूर किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सबसे अहम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता ऐसे बयान दे रहे हैं, जिससे वहां रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि भारत के गल्फ देशों के साथ अच्छे संबंधों की वजह से वहां भारतीय सुरक्षित हैं और सभी दलों को जिम्मेदारी से बयान देना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने बताया कि गोवा, केरल और तमिलनाडु के कई मछुआरे ईरान और पश्चिम एशिया के अन्य हिस्सों में फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह सिर्फ राजनीति कर रही है, जबकि सरकार लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट एक-दूसरे को बीजेपी की ‘बी टीम’ कहते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि केरल में बीजेपी ही असली ‘ए टीम’ है। उन्होंने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं, लेकिन लोगों की सुरक्षा और विकास उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।





