
नई दिल्ली। हाल ही में सोशल मीडिया से पापुलर हुई कॉकरोच जनता पार्टी ने NEET पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आज सुबह 10 बजे से 03 बजे तक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा था कि मंत्री आज शाम 5 बजे तक इस्तीफा दें, नहीं तो पूरे देश में प्रदर्शन किया जाएगा। अगले शनिवार, यानी 13 जून को जंतर-मंतर पर फिर प्रदर्शन करेंगे। इन्हें आज शाम 05 बजे तक प्रदर्शन करने की अनुमति मिली थी। लेकिन, करीब 3 बजे ही अभिजीत और सोनम वांगचुक धरनास्थल से रवाना हो गए थे। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हो गया।

अभिजीत दीपके आज सुबह ही अमेरिका से दिल्ली लौटे थे। वे एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचे थे। यहां अभिजीत अंबेडकर की ऑटो बायोग्राफी और संविधान की कॉपी लेकर पहुंचे थे।
अभिजीत दीपके की तबियत बिगड़ी
गर्मी और भारी संख्या में भीड़ में कॉकरोच जनता पार्टी के हेड अभिजीत दीपके की तबियत बिगड़ गई है और पहले उन्हें मंच के पीछे बैठाया गया और फिर बाद में गाड़ी में बैठाया गया। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। सोनम वांगचुक ने अभिजीत दीपके के साथ मंच पर पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की थी। उनके साथ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष राका भी मौजूद थे। आशुतोष IIT कानपुर से पास आउट हैं। वे पिछले साल लंदन से भारत लौटे हैं।

प्रदर्शन के मद्देनजर इंदिरा गांधी एयरपोर्ट, मुख्य रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और दिल्ली के बॉर्डर पॉइंट्स पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। 1000 से ज्यादा पुलिस के जवान पहले से तय पॉइंट्स पर तैनात किए गए थे। बाजारों और संवेदनशील इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई थी। अभिजीत ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी अपनी मांग पर अड़ी है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। उन्होंने धमेंद्र को इस्तीफे के लिए 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है। अगर कॉकरोच जनता पार्टी की बात नहीं मानी जाती है, तो 13 जून को जंतर-मंतर पर दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।

अभिजीत दीपके ने कहा- देश के युवा अब और नहीं डरेंगे
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय संगठन की सोशल मीडिया गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उनकी मांगों में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर इस्तीफा देना भी शामिल है। वहीं अभिजीत दीपके ने कहा कि देश के युवा अब और नहीं डरने वाले हैं।
अभिजीत के घर पुलिस तैनात
पुणे में कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके के घर महाराष्ट्र पुलिस तैनात कर दी गई है। सुबह से ही घर के बाहर बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिस की गाड़ियां भी घर के बाहर मौजूद थीं। हालांकि दीपके के माता-पिता घर पर हैं या नहीं, इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। इससे पहले, दीपके के माता-पिता ने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया था।

(कॉकरोच जनता पार्टी) एक अनोखा युवा विरोध प्रदर्शन है, जो 6 जून 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हुआ। यह आंदोलन तब शुरू हुआ जब सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘तिलचट्टों’ से की थी, जिसके बाद ‘अभिजीत दीपके’ नामक युवा ने सोशल मीडिया पर व्यंग्य के रूप में इस पार्टी का गठन किया।





