बस्ती (उ.प्र.)। कम्प्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक्स की प्रतिष्ठित फर्म प्रभा इलेक्ट्रॉनिक्स के स्वामी राजीव पाण्डेय को बीती रात गम्भीर रूप से घायल कर हाथ पैर बांधकर कचहरी पुराना डाकखाना चौराहा (पकौड़ी चौराहा) से गाड़ी में लादकर जानलेवा तरीके से अपहरण कर लिया गया। बदमाश उन्हें अगवा कर बांसी रोड पर ले जा रहे थे, उन्होंने किसी प्रकार हिम्मत की और जान हथेली पर लेकर चलती गाड़ी से किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस द्वारा अपराधियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। राजीव पाण्डेय की हालत गम्भीर थी, फिलहाल खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं। इस सनसनीखेज वारदात ने व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है।

कंपनीबाग स्थित प्रभा इलेक्ट्रॉनिक के मालिक राजीव पांडे का अपहरण कर उनकी हत्या की कोशिश की गई। अपहरणकर्ताओं ने उन्हें पकौड़ी चौराहे से अगवा किया, हाथ-पैर बांध दिए और बंदूक की बट से सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि किसी ओम मिश्र से किसी प्रकार का पैसों का लेन-देन था। कल यानी 19 नवम्बर को दिन में ओम ने राजीव पाण्डेय को एक लाख रुपए दिये थे। रात में और पैसा देने के लिए पकौड़ी चौराहे पर बुलाया। वहां चाय पीने के बाद पैसे भी दिये। इसी बीच एक गाड़ी में 4-5 राजीव से अपरिचित लोग आए। ओम ने उसी गाड़ी में बैठकर पैसे गिनने की बात कही, जिस पर राजीव जी गाड़ी में बैठकर पैसे गिनने लगे। इसी बीच उन्हें हाथ पैर बांध कल मारा पीटा गया और अपहरण कर लिया गया। एसपी श्री सिंह ने बताया कि ये जानकारी राजीव पाण्डेय ने पुलिस द्वारा पूछताछ में बताई है। उन्होंने यह भी बताया कि अपहर्ताओं ने रूधौली के पास गाड़ी से बाहर फेंक दिया था और फरार हो गए। मामले में ओम मिश्र और नागेश प्रताप सिंह के बीच किसी भूमि से सम्बन्धित प्रकरण की बात भी सामने आ रही है। स्थानीय शहर कोतवाली में राजीव पाण्डेय के भाई आनन्द पाण्डेय ने घटना की एफआईआर दर्ज कराई है। पूरा प्रकरण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
राजीव पाण्डेय चाहे गाड़ी से कूदे हों या फेंका गया हो, लेकिन उन्हें सड़क सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े देखकर किसी ग्रामीण ने इधर-उधर पूछताछ की और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल राजीव पाण्डेय को सीएचसी रुधौली ले गई, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में कोतवाली प्रभारी बृजानंद सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और सीओ कुलदीप यादव तत्काल पहुंचे और तथ्यों को जुटाया। बाद में घायल व्यापारी को जिला अस्पताल से प्राइवेट हॉस्पिटल नवयुग नर्सिंग होम लाया गया, जहां उनका सिटी स्कैन किया गया। पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह भी रात मे नवयुग नर्सिंग होम पहुंचे। सिर से अधिक रक्तस्राव होने के कारण रात में उन्हें बाहर नहीं ले जाया जा सका। फिलहाल वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। मामले को लेकर पुलिस गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने जल्द ही इस वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। घटना के बाद से व्यापारियों में दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। व्यापारियों का मानना है कि बस्ती जैसे शांत जिले में रात को एक व्यापारी को चौराहे से उठा लेना, हाथ-पैर बांधकर बंदूक की बट से मारना, ये सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, ये पूरे व्यापारी समाज पर हमला है। अगर व्यापारी ही सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी कैसे सुरक्षित रहेगा? व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक बस्ती से मांग करते हैं कि इस मामले को सिर्फ एक मारपीट की घटना समझकर हल्के में न लिया जाए। इस अपहरण और हत्या के प्रयास के मामले में जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए, ताकि दोबारा किसी व्यापारी के साथ ऐसी घटना न हो। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अमर मणि पाण्डेय ने कहा है कि हम घायल व्यापारी राजीव पाण्डेय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। बस्ती का व्यापारी समाज इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ा है।


