बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए जन सुविधा केंद्रों (CSC) के माध्यम से भरे जाने वाले आवेदन पत्रों में एक से अधिक प्रविष्टियों (Multiple Entries) की समस्या के निस्तारण के लिए मंगलवार को जनपद के समस्त जन सुविधा केंद्र संचालकों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी ने की। प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ।

उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी,ईडीएम सौरभ द्विवेदी द्वारा कार्यशाला में संचालकों को बताया गया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने के लिए ऑनलाइन माध्यम से फार्म-6 भरते समय कई बार मोबाइल नंबर पर रेफरेंस नंबर की सूचना प्राप्त नहीं होने के कारण एक ही आवेदक का फार्म दोबारा भर दिया जाता है। इससे मतदाता सूची में एक से अधिक प्रविष्टियां दर्ज होने की समस्या उत्पन्न होती है। इस समस्या से बचने के लिए संचालकों को निर्देशित किया गया कि फार्म-6 भरते समय आवेदक अथवा उसके संबंधित व्यक्ति का वास्तविक एवं सक्रिय मोबाइल नंबर ही दर्ज करें। फार्म जमा करने से पूर्व सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें तथा अंतिम सबमिशन के बाद ई-साइन की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कराएं। ई-साइन सफल होने के बाद ही आवेदन का रेफरेंस नंबर जनरेट होता है।
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि नेटवर्क की समस्या के कारण मोबाइल पर रेफरेंस नंबर प्राप्त नहीं होने की स्थिति में स्क्रीन पर प्रदर्शित रेफरेंस नंबर का स्क्रीनशॉट लेकर अथवा उसे नोट कर आवेदक को उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में उसी रेफरेंस नंबर से आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सके। किसी भी स्थिति में एक ही आवेदक का दोबारा आवेदन न किया जाए। इसके अतिरिक्त मतदाता पहचान पत्र (EPIC) डाउनलोड करने, मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण देखने तथा निर्वाचन आयोग के पोर्टल और ECINET मोबाइल एप के माध्यम से व्यक्तिगत विवरण प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी ने सभी CSC संचालकों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने तथा दोहरी प्रविष्टियों की समस्या रोकने में जन सुविधा केंद्र संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए आवेदन भरते समय पूरी सावधानी एवं जिम्मेदारी बरती जाए। प्रशिक्षण में सी एस सी ई गवर्नेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड राहुल सिंह, इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड आशीष तिवारी सहित संबंधित सीएससी संचालक उपस्थित रहे।


