बस्ती (उ.प्र.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्राम प्रहरियों को संबोधित किए जाने के कार्यक्रम का पुलिस लाइन बस्ती में सजीव प्रसारण के साथ ही ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करते हुए मण्डलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, डीआईजी संजीव त्यागी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने ग्रामीण सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण में ग्राम प्रहरियों की भूमिका की सराहना की।

आज बरेली में आयोजित ग्राम सुरक्षा में योगदान देने वाले ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री, योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के ग्राम प्रहरियों को संबोधित किए जाने के कार्यक्रम का पुलिस लाइन बस्ती में ऑनलाइन माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम में मण्डलायुक्त बस्ती, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र बस्ती श्री संजीव त्यागी, जिलाधिकारी बस्ती, पुलिस अधीक्षक बस्ती, अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती सहित समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न थानों से आए लगभग 325 से अधिक ग्राम चौकीदारों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस एवं जनता के मध्य समन्वय स्थापित करने में ग्राम प्रहरियों के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना रहा। इस अवसर पर पुलिस लाइन बस्ती में उपस्थित ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया।

डीआईजी संजीव त्यागी ने ग्राम चौकीदारों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें पुलिस एवं जनता के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी बताया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु उन्हे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों में उत्साह एवं हर्ष का माहौल रहा। उन्होंने ग्राम सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।


