बस्ती 27 नवम्बर 2026 ( सू. वि. ), उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA), लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला में बस्ती जनपद के जिला आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने प्रतिभाग कर जनपद का प्रतिनिधित्व किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में आपदा जोखिम न्यूनीकरण (Disaster Risk Reduction), आपदा प्रबंधन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों (DDMA) की कार्यक्षमता एवं संस्थागत क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्व विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती अपर्णा यू., एच. भास्कर यशोद (IAS) तथा उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला के दौरान बस्ती जनपद की ओर से आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों, तैयारियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर आधारित प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया गया। इसमें जनपद में बाढ़, लू एवं अन्य आपदाओं से निपटने की तैयारियों, पूर्व चेतावनी प्रणाली, सामुदायिक सहभागिता, प्रशिक्षण, मॉक एक्सरसाइज तथा आपदा के प्रति जन-जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर रंजीत रंजन द्वारा तीन अभिनव प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तावों का उद्देश्य आपदा प्रबंधन को अधिक समावेशी, प्रभावी एवं जन-केंद्रित बनाना है। बस्ती जनपद के प्रस्तुतीकरण एवं नवाचार संबंधी प्रस्तावों को कार्यशाला में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्राधिकरण के पदाधिकारियों द्वारा सराहा गया तथा सकारात्मक रूप से संज्ञान लिया गया।
कार्यशाला में बस्ती जनपद को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप CBRN (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु आपदा) प्रबंधन तथा अस्पताल आपदा सुरक्षा एवं तैयारी (Hospital Disaster Safety) के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसका उद्देश्य संभावित औद्योगिक, रासायनिक एवं अन्य आपात स्थितियों के साथ-साथ अस्पतालों में आपदा के दौरान सुरक्षित एवं निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।
यह कार्यशाला प्रदेश के सभी जनपदों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान, बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्था को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही। बस्ती जनपद की सक्रिय भागीदारी एवं नवाचार आधारित सुझावों को प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।


