बस्ती (उ.प्र.)। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती के तरुण वर्ग के होनहार भैया ईशान त्रिपाठी एवं हर्ष पाण्डेय का अखिल भारतीय शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद एसजीएफआई (School Games Federation of India) के लिए चयन होने पर बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंचने पर विद्यालय परिवार द्वारा भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी एवं आचार्य बंधुओं ने दोनों भैयाओं सहित अन्य प्रतिभागी भैयाओं के साथ-साथ संरक्षक आचार्य आशुतोष मिश्र जी को पुष्पमाला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान विद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण रहा। सभी ने दोनों खिलाड़ियों को आगामी एसजीएफआई प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी, वरिष्ठ आचार्य अम्बिकेश्वरदत्त ओझा जी, आशीष सिंह जी, अश्विनी कुमार पाण्डेय जी, अंकित कुमार गुप्ता जी, शिवेंद्र प्रताप सिंह जी, कार्यालय प्रमुख प्रदीप गुप्त जी एवं कार्यालय सहायक मनीष त्रिपाठी जी सहित आचार्य बंधु उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री गोपाल गाडिया जी, प्रबंधक डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह जी एवं कोषाध्यक्ष श्री प्रहलाद मोदी जी सहित प्रबंध समिति के सदस्यों ने भी दोनों खिलाड़ियों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पुष्पमाला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर विद्यालय परिवार ने किया आत्मीय अभिनंदन
ज्ञात हो कि लखीमपुर खीरी में आयोजित क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता में ईशान एवं हर्ष ने तरुण वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद 01 से 05 अक्टूबर तक कुरुक्षेत्र में आयोजित अखिल भारतीय शतरंज प्रतियोगिता में भी दोनों भैयाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तरुण वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि के आधार पर दोनों भैया अब 22 से 26 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित होने वाली एसजीएफआई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ईशान एवं हर्ष पाण्डेय आगामी एसजीएफआई प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग-बस्ती एवं बस्ती जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।


