बस्ती (उ.प्र.)। जिले के पैकोलिया थानान्तर्गत दौलतपुर गांव में एक युवक और युवती के प्रेम सम्बन्धों के कारण दो परिवारों के बीच उत्पन्न विवाद और मतभेद को खत्म कराते हुए पैकोलिया पुलिस की काउंसलिंग से प्रभावित होकर प्रेमी जोड़े ने थाने के ही मंदिर में विवाह करके सामाजिक सौहार्द का परिचय दिया है।
पैकोलिया क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर की रहने वाली युवती और इसी गांव का निवासी युवक एक-दूसरे से प्रेम करते थे और साथ में अपना जीवन बिताना चाहते थे। इस संबंध में दोनों पक्षों के मध्य उपजे मतभेदों को दूर करने और मामले की गंभीरता को देखते हुए, थाना पैकोलिया पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया। प्रभारी निरीक्षक पैकोलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दोनों पक्षों के परिजनों की उपस्थिति में युवक और युवती के उम्र एवं शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का गहनता से सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान दोनों ही बालिग पाए गए। इसके पश्चात पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को बैठाकर सामाजिक एवं पारिवारिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक काउंसलिंग (परामर्श) की गई।
पुलिस की समझौता वार्ता और सकारात्मक प्रयास के बाद दोनों परिवार इस विवाह के लिए सहर्ष तैयार हो गए। इसके उपरांत 23 सितम्बर 2026 को दोनों पक्षों के सगे-संबंधियों, ग्राम प्रधान तथा संभ्रांत व्यक्तियों की उपस्थिति में थाना परिसर में स्थित मंदिर में पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया गया। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सदा साथ निभाने का वचन दिया। इस पुनीत और मानवीय पहल के लिए नवदंपत्ति, उनके परिजनों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने बस्ती पुलिस और थाना पैकोलिया पुलिस टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।


