बस्ती (उ.प्र.)। वाल्टरगंज थाने में तैनात थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह का शव आज संदिग्ध परिस्थितियों में उनके कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सरकारी आवास के कमरे में फंदे से लटकता मिला। उनका आवास कोतवाली थाना क्षेत्र में कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम कार्यालय के बगल स्थित सरकारी आवास में था। कमरे में शव लटकता देखकर हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित सभी अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष वाल्टरगंज सूर्य प्रकाश सिंह दोपहर करीब एक बजे हमराहियों के साथ बस्ती स्थित आवास पर आये थे। स्वयं विश्राम करने जाने को कहकर सहकर्मियों से उन्होंने सिविल लाइन पुलिस पर रहने कहा। सायं करीब पौने सात बजे उप निरीक्षक बलराम गौड़ उनके आवास पर पहुंचे। जहां वे एसओ को पंखे से लटकता देख दंग रह गये। वे दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और आनन फानन में अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस अधिकारी की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे पुलिस महकमे में शोक और चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों की ओर से घटना को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस टीम हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। अब देखना होगा कि जांच में सूर्य प्रकाश सिंह की मौत की वजह को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।




