
बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। श्रीधाम अयोध्या से जल लेकर भूत-भावन भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के लिए कांवरियों का जत्था लगातार चल रहा है। पूरे यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों की सेवा के लिए सरकारी एवं गैर सरकारी तमाम तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अयोध्या जी से जल लेकर आने वाले भक्त अधिकतर बस्ती में भदेश्वर में भोलेनाथ को जल अर्पित करते हैं। कुछ लोग खलीलाबाद (संतकबीरनगर) में बाबा तामेश्वरनाथ में और कुछ बाबा धाम बिहार तक की यात्रा भी करते हैं।

यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत सोमवार को मण्डलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना व पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने कड़र मंदिर एवं भदेश्वरनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होने संबंधित अधिकारियों को कावड़ियों की सुविधा, यातायात प्रबंधन, साफ – सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

इस दौरान मण्डलायुक्त, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने श्री भदेश्वरनाथ मंदिर में पूजा, अर्चना करते हुए जनपदवासियों, श्रद्धालुओं के सुख एवं समृद्धि की कामना किया। इसके पश्चात जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने फुटहिया, कप्तानगंज चौराहा व कावड़ यात्रा रूट का निरीक्षण किया। ड्यूटी में लगे संबधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने फुटहिया चौराहे पर उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, राजेश यादव सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।





