
लखनऊ। टारगेट डिफेंस एकेडमी लखनऊ में एनडीए की तैयारी कर रहे एक छात्र की हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। हॉस्टल डिफेंस कोचिंग परिसर में ही बना है। मौत की सूचना पाकर उसके पिता हाथरस से लखनऊ पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की जान कोचिंग संचालकों की लापरवाही से गई।

बेटा पहली मंजिल पर रहता था। वह 5वीं मंजिल पर कैसे गया? बेटा काफी देर तक तड़पता पड़ा रहा लेकिन कोई नहीं पहुंचा। मृतक छात्र रोहित शर्मा (16) हाथरस के मुल्तान गेट के रहने वाले हरीश शर्मा का बड़ा बेटा था। परिवार में पिता के अलावा मां लीना, भाई हर्ष और बहन हर्षिता हैं। रोहित के पिता हरीश शर्मा कासगंज में विकास भवन में सहायक लेखा अधिकारी पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि बेटे का 1 जुलाई को जन्मदिन आता। वह दोस्तों के साथ बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए खुश भी था। घटना बंथरा थाना क्षेत्र स्थित टारगेट डिफेंस एकेडमी आवासीय कोचिंग की शुक्रवार रात की है।
बर्थडे के लिए मांगे थे पैसे
मृतक के पिता हरीश शर्मा ने बताया- शुक्रवार रात 10:15 बजे बेटे के दोस्तों ने फोन पर बताया कि रोहित छत से गिर गया है। उसे हम लोग अस्पताल लेकर जा रहे हैं। कुछ देर बाद बताया कि अस्पताल में उसकी मौत हो गई है। हमारे बेटे का 1 जुलाई को जन्मदिन था। रोहित ने 2 दिन पहले अपने दोस्तों के साथ बर्थडे मनाने का प्लान बताते हुए कुछ पैसे मांगे थे। तब मैंने उसे 500 रुपए ऑनलाइन भेज दिए थे। उसे यह कहकर बहलाया था कि बर्थडे से पहले कुछ और रुपए भेज दूंगा। हमें नहीं पता था कि वह बर्थडे मनाने से पहले संसार में नहीं रहेगा।

रोहित को पांचवीं मंजिल से गिरने को बताया जा रहा है, उस छत पर निर्माण का कार्य चल रहा है। छत पर चारों तरफ बाउंड्री वॉल या रेलिंग नहीं लगी हुई है। वह फर्स्ट फ्लोर पर रहता था, लेकिन पांचवीं मंजिल पर क्या करने और क्यों गया ? उसकी चप्पल वहां पर नहीं मिली। मोबाइल फोन कमरे में मिला। अगर वह 3 मंजिल छोड़कर 5वीं मंजिल पर घूमने भी गया होता तो अपना फोन तो लेकर गया ही होता। वह नीचे गिरा, इसकी सीसीटीवी फुटेज मिली है। लेकिन, वह ऊपर तक गया कैसे, इसकी फुटेज नहीं मिली। छात्र रोहित गिरने के बाद काफी देर तक नीचे जमीन पर पड़ा रहा और उस दौरान हॉस्टल प्रबंधन स्टाफ का कोई भी व्यक्ति वहां नहीं पहुंचा। बेटे के गिरने की आवाज सुनकर उसके साथ रहने वाले छात्रों ने बाहर जाकर देखा, तब इसकी जानकारी प्रबंधन को दी। उसके बाद उसे अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

मृतक छात्र के पिता हरीश शर्मा ने सीसीटीवी फुटेज से मामले की जांच करने के साथ मोबाइल की भी कॉल डिटेल जांच की मांग की है। उन्होंने कहा- मेरे बेटे ने देश की सेवा करने के लिए एनडीए एकेडमी जॉइन की थी। बेटा सुसाइड नहीं कर सकता। यह घटना संदिग्ध है। इसकी जांच होनी चाहिए। बंथरा थाना प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने कहा कि रोहित तीसरी मंजिल से नीचे गिरा है। इस मामले में मृतक के पिता ने भी छत से गिरकर मौत होने की तहरीर देते हुए मामले की जांच की मांग की है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना का सही कारण पता चल सकेगा।






