
बस्ती (उ.प्र.)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के परिसर में शुक्रवार को माँ सरस्वती की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। प्रतिमा का अनावरण मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक आनंदकर पाण्डेय एवं डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल के द्वारा किया गया।

डायट प्रशिक्षु पं.इंद्रभान पाण्डेय की अगुवाई में विद्वान ब्राह्मणों के दल ने विधि-विधान से प्रतिमा का पूजन, हवन एवं मूर्ति पूजा संपन्न कराई। श्वेत संगमरमर से निर्मित इस मनोहारी प्रतिमा में माँ सरस्वती हंसारूढ़ होकर वीणा वादन करती दर्शायी गई हैं। प्रतिमा को संस्थान के मुख्य शैक्षिक भवन के सामने विशेष रूप से निर्मित वेदिका पर स्थापित किया गया है। कार्यक्रम में डायट प्रशिक्षुओं ने या कुन्देन्दु तु षार हार धवला सरस्वती वंदना तथा जय जय हे भगवती सुर भारती समूह गान प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर पीले वस्त्र, आम के पत्तों की बंदनवार और पुष्प सज्जा से आच्छादित था। 
मुख्य अतिथि ने कहा कि डायट शिक्षकों का निर्माण स्थल है। माँ सरस्वती की यह प्रतिमा यहाँ आने वाले हर डीएलएड प्रशिक्षु और सेवारत शिक्षकों को निरंतर कर्तव्यबोध कराती रहेगी। ज्ञान, कला और संगीत की देवी का आशीर्वाद लेकर ही एक शिक्षक समाज में प्रकाश फैला सकता है। निश्चित रूप से यह प्रतिमा शिक्षण वातावरण को नई पहचान देगी। डायट प्राचार्य ने कहा कि यह दिन संस्थान के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने घोषणा किया कि अब प्रत्येक वर्ष बसंत पंचमी पर यहाँ भव्य सरस्वती पूजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही वशिष्ठ ज्ञान प्रवाह पत्रिका का विमोचन भी इसी वेदिका से किया जाएगा। प्रवक्ता अलाउद्दीन खान एवं डॉ गोविन्द प्रसाद ने कहा कि माँ सरस्वती की कृपा से डायट बस्ती शैक्षिक उत्कृष्टता का नया केंद्र बनेगा। कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता डॉ गोविन्द प्रसाद ने किया। इस अवसर पर डायट प्रवक्ता वर्षा पटेल, सरिता चौधरी, कल्याण पाण्डेय, डॉ रविनाथ, वंदना चौधरी, अमन सेन, शशिदर्शन त्रिपाठी, मोहम्मद इमरान, कुलदीप चौधरी, जिला समन्वयक, एसआरजी, एआरपी, जनपद के विभिन्न ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी, कनिष्क सहायक अनिल चौधरी, रमाकांत गौतम एवं समस्त डीएलएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
बिना मान्यता संचालित बचपन प्ले स्कूल पर कार्रवाई के निर्देश, एबीएसए ने दिया कड़ी चतावनी
बस्ती। शहर के नगर क्षेत्र के रंजीत चौराहे के पास संचालित एक बचपन प्ले स्कूल के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। खण्ड शिक्षा अधिकारी, नगर क्षेत्र विनोद कुमार त्रिपाठी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बचपन प्ले स्कूल द्वारा बिना मान्यता के नर्सरी से कक्षा 5 तक की कक्षाएं अवैध रूप से चलाई जा रही थीं।

शिकायत के अनुसार, यह विद्यालय कई वर्षों से नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित हो रहा है। संस्था को केवल नर्सरी से यूकेजी तक की कक्षाएं चलाने की अनुमति थी, लेकिन इसके बावजूद कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई कराई जा रही थी। इतना ही नहीं, छात्रों को दूसरे विद्यालय के नाम से टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) जारी करने की भी बात सामने आई है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विद्यालय को पहले भी नोटिस जारी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी जारी रही। अब सख्त रुख अपनाते हुए विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि कक्षा 1 से 3 तक के सभी बच्चों का नामांकन तुरंत किसी मान्यता प्राप्त या नजदीकी परिषदीय विद्यालय में कराया जाए और इसकी सूचना 2 दिनों के भीतर विभाग को दी जाए।
अधिकारी ने चेतावनी दी है कि आदेश का पालन न करने की स्थिति में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की सूचना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बस्ती को भी भेजा गया है।





