
बस्ती (उ.प्र.)। लालगंज थाना क्षेत्र के पिपरपाती एहतमाली गांव के पास आज अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में करीब 200 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड की घटना में आग बुझाने का प्रयास कर रहा एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि एक ट्रैक्टर भी आंशिक रूप से जल गया और आग बुझाने आया दमकल बालू में फंस गया था।

जानकारी के अनुसार, गांव के दक्षिण स्थित बंधे के पास सीवान में अज्ञात कारणों से अचानक आग भड़क उठी। तेज पछुआ हवाओं के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पिल्लू, हरिश्चंद्र, शिव नारायण, दयाराम सहित 3-4 गांवों के करीब 50 किसानों की तैयार गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। आग को फैलने से रोकने के प्रयास में पिपरपाती निवासी 20 वर्षीय आकाश (पुत्र राम आशीष) ट्रैक्टर से खेत जोत रहे थे, तभी तेज हवाओं के कारण आग की लपटों ने उन्हें घेर लिया। वह बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में उन्हें एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। बाद में सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

चैत्र माह की तेज धूप और हवाओं ने आग को और भड़काने का काम किया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। सालभर की मेहनत जलकर राख होते देख किसानों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत पहुंचाने हेतु प्रशासन ने नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है।
टेट के सवाल को लेकर शिक्षकों ने निकाला मशाल जुलूसः सौंपा ज्ञापन
बस्ती। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के आवाहन पर सोमवार को टेट के सवाल को लेकर मशाल जुलूस निकाला गया। इसके पूर्व प्रेस क्लब सभागार में शिक्षकों की बैठक हुई जिसमें परसुरामपुर ब्लाक अध्यक्ष नरेन्द्र दूबे के स्वागत के साथ ही संघर्ष की रणनीति पर विचार किया गया। टेट के सवाल पर शिक्षक प्रेस क्लब से हाथों में मशाल, मोमबत्ती और तख्तिया लिये शास्त्री चौक होते हुये जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उप जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा गया।

प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक संघ के संयोजक उदय शंकर शुक्ल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक मशाल जुलूस में शामिल हुये ।

श्री शुक्ल ने कहा कि टेट की अनिवार्यता समाप्त किये जाने की मांग को लेकर शिक्षकों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, नेता प्रतिपक्ष और यूपी के मुख्यमंत्री आदि को पाती भेजी गई। इसके बावजूद अभी तक कोई रचनात्मक पहल नहीं हुआ। मशाल जुलूस के बाद 3 मई को लखनऊ में आयोजित महारैली आयोजित किया गया है। उन्होने शिक्षकों का आवाहन किया कि अनिवार्य रूप से अपनी एकजुटता बनाये रखें जिससे टेट की समस्या का हल निकले। अटेवाके अध्यक्ष का तौआब अली, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष अम्बिका पाण्डेय, माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के अध्यक्ष अजय वर्मा ,टीएससीटी के अध्यक्ष प्रमोद ओझा, जर्नादन शुल, इजहारूल हक, आनन्द दूबे, दीपक सिंह प्रेमी, अभय सिंह यादव, राजकुमार सिंह, राजीव पाण्डेय, अभिषेक उपाध्याय, दिवाकर सिंह, इन्द्रसेन मिश्र, स्कन्द मिश्र, चन्द्रभान चौरसिया, राजेश चौधरी, शैल शुक्ल, रीता शुक्ला आदि ने अपने सम्बोधन में कहा कि संघर्ष से ही सफलता मिलेगी।

यह जानकारी देते हुये प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रवक्ता सूर्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि मशाल जुलूस में अनीता चन्द्रा, सुनीता चौधरी, शालिनी उपाध्याय, ओम प्रकाश पाण्डेय, भीमशंकर मिश्र, रविशंकर मिश्र, विनोद यादव, रजनीश मिश्र, रामपाल चौधरी, मारूफ अहमद, सतीश शंकर शुक्ल, रविन्द्रनाथ, सुनील पाण्डेय, सन्तोष शुक्ल, मो. सलाम, विकास पाण्डेय, लालेन्द्र कुमार, सुखराज गुप्ता, वैभव कन्नौजिया, चन्द्रिका सिंह के साथ ही बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल रहे।



