
बस्ती (उ.प्र.)। मानवता की मिसाल पेश करते हुए ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कलवारी क्षेत्र के चर्चित चिकित्सक डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। राम-जानकी मार्ग स्थित अगौना चौराहे के पास दुबौली दुबे गांव के समीप एक अनियंत्रित ऑटो रिक्शा पलट गया, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले सुवर्ण लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. प्रेम त्रिपाठी तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने निजी वाहन से घायल को कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें महर्षि वशिष्ठ स्वशासी मेडिकल कॉलेज, बस्ती रेफर कर दिया। डॉ. प्रेम त्रिपाठी पिछले करीब 10 वर्षों से लगातार सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों का निःशुल्क इलाज करते आ रहे हैं। इतना ही नहीं, जरूरत पड़ने पर वे अपने निजी संसाधनों से घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने का कार्य भी करते हैं। उनकी इस सेवा भावना के चलते स्थानीय लोगों और जिला प्रशासन ने उन्हें “कलवारी क्षेत्र के देवदूत” की उपाधि देकर कई बार सम्मानित भी किया है।
पॉलीथिन न लेने पर ग्राहक का सम्मान
जिले के कलवारी क्षेत्र के ग्राम मठिया से एक सराहनीय पहल सामने आई है, जहां पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। ग्राम कलवारी मुस्ताकम निवासी सूरज चक्रवर्ती को स्थानीय दुकानदारों द्वारा सम्मानित किया गया।

बताया जा रहा है कि सूरज चक्रवर्ती कई वर्षों से बाजार में सामान खरीदते समय कभी भी पॉलीथिन का उपयोग नहीं करते हैं। वे हमेशा अपने साथ कपड़े या थैले लेकर आते हैं और दुकानदारों से भी पॉलीथिन न देने की अपील करते हैं। उनकी इसी स्वच्छता जागरूकता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को देखते हुए क्षेत्र के दुकानदारों ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया। एक छोटी सी दुकान पर आयोजित कार्यक्रम में दुकानदारों ने उन्हें स्मृति चिन्ह में युवाओं के प्रेरणाश्रोत स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा एवं स्टेशनरी भेंट कर सम्मान दिया।

दुकानदारों का कहना है कि आज के समय में जहां पॉलीथिन पर्यावरण के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है, वहीं सूरज चक्रवर्ती जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं। गांव के लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि अगर हर व्यक्ति सूरज जी की तरह सोचने लगे, तो पर्यावरण को काफी हद तक बचाया जा सकता है।
यह पहल न सिर्फ बस्ती जिले बल्कि पूरे समाज के लिए एक संदेश है कि छोटी-छोटी आदतें भी बड़े बदलाव ला सकती हैं।इस मौके पर शब्जी विक्रेता विपिन मौर्या , किराना दुकानदार मनोज कुमार चौधरी, मेडिकल स्टोर संचाकल अभिषेक यादव, दीपू, रुदल, सोनू, विकास आदि लोग उपस्थित रहे।
एसआईआर के अन्तर्गत अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन
बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अन्तर्गत अन्तिम मतदाता सूची 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित कर दी गयी है। उक्त के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गयी। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि वर्तमान समय में जनपद में कुल मतदाता-1731516 है, जिसमें पुरूष मतदाता-949999 एवं महिला मतदाता-781508 तथा थर्ड जेण्डर मतदाता-9 है। उन्होने बताया कि जनपद का जेण्डर रेशियों 823 तथा ईपी रेशियों 57.73 है।

उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तिया प्राप्त करने की अन्तिम तिथि दिनॉक 06 मार्च 2026 की अवधि तक जनपद में 131053 फार्म-6 प्राप्त हुआ, जिसका शतप्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। उन्होने यह भी बताया कि 31 मार्च 2026 तक जनपद में कुल 134408 फार्म-06 ई-रोल अपडेट किए जा चुके है। उन्होने बताया कि कुल 418146 मतदाताओं को जारी नोटिस की सुनवाई की कार्यवाही जनपद स्तर पर हुयी, जिसमें अन्तिम प्रकाशन हेतु 413491 मतदाताओं को पात्र पाया गया तथा 4655 मतदाताओं को अपात्र पाते हुए फार्म-7 की कार्यवाही की गयी।
उन्होंने बताया कि डीईओ पोर्टल पर अपलोड अन्तिम प्रकाशित मतदाता सूची का लिंक-https://basti.nic.in/final-publicotion-voter-list-2026/ है। उन्होने यह भी बताया कि यदि जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुका है और यदि आपका नाम किसी कारणवश अन्तिम मतदाता सूची में शामिल नही हो सका है तो फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में पंजीकृत करा सकते है। बैठक में एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, एसडीएम शत्रुध्न पाठक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश, प्रधान सहायक अजय कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक पीयूष गुप्ता एवं समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।




