
बस्ती (उ.प्र.)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस (06 अप्रैल 2026) को लेकर मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय बस्ती पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में जिलाध्यक्ष श्री विवेकानन्द मिश्र ने विस्तृत योजना पर चर्चा करते हुए सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि “यह हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष एवं गर्व का विषय है कि विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी अपना स्थापना दिवस 6 अप्रैल को मनाता है। देशभर में करोड़ों कार्यकर्ता इस दिवस को उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हैं।” उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व, सरकार की उपलब्धियों एवं कार्यकर्ताओं के समर्पण के कारण भाजपा को समाज के प्रत्येक वर्ग का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण का एक सशक्त विचार है।

“भाजपा का अर्थ है मिशन, सेवा, सशक्तिकरण और नए भारत का निर्माण,” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा। बैठक में स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इसके अंतर्गत 5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों को सजाने, 6 अप्रैल को ध्वजारोहण एवं मिष्ठान वितरण, बूथ स्तर पर कार्यक्रम, घर-घर ध्वज लगाकर सोशल मीडिया पर प्रसार, तथा 8 अप्रैल को जिला स्तरीय सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 7 से 12 अप्रैल तक ग्राम एवं बस्ती संपर्क अभियान चलाकर स्वच्छता कार्यक्रम, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, बुद्धिजीवियों से संवाद एवं सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जाएगा। बैठक में अभियान संयोजक दिलीप पाण्डेय ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर राजेश पाल चौधरी, चंद्रशेखर मुन्ना, दयाराम चौधरी, रवि सोनकर सहित जिले के पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।





