
संतकबीरनगर। स्थानीय जिला मुख्यालय पर सपा नेता रोहित पाण्डेय का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। टेमा से खलीलाबाद तक स्वागत का सिलसिला चलता रहा। हजारों समर्थकों ने बड़े ही उत्साह से रोहित पाण्डेय का अभिनंदन किया।

संतकबीरनगर में समाजवादी पार्टी के नेता रोहित पाण्डेय के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जनपद की सीमा टेमा से लेकर खलीलाबाद स्थित हीरालाल डिग्री कॉलेज तक जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार अभिनंदन करते हुए पूरे क्षेत्र को उत्सव में बदल दिया। जैसे ही रोहित पांडेय का काफिला समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचा, वहां जिला अध्यक्ष अब्दुल कलाम के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष रामवृक्ष यादव, सुरेंद्र यादव, विनोद यादव, नित्यानंद यादव, गौहर अली खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में रोहित पांडेय ने कहा कि उन्होंने 5 मार्च को अखिलेश यादव की विचारधारा से प्रभावित होकर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली थी। अपने गृह जनपद में मिले अपार प्रेम से अभिभूत पांडेय ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। उन्होंने भव्य स्वागत के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया।





