
बस्ती (उ. प्र.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को जनपद के छह मंडलों—हरदी, गनेशपुर, बस्ती नगर, बस्ती सदर, रुधौली और कुदरहा—में विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। पहले दिन सभी मंडलों में कुल चार सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हुए, जबकि शेष तीन सत्र रविवार को आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण वर्ग में शामिल सभी कार्यकर्ताओं के लिए रात्रि प्रवास अनिवार्य रखा गया है, जिससे संगठनात्मक अनुशासन और आपसी समन्वय को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

प्रशिक्षण वर्ग में जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र सहित प्रेम सागर त्रिपाठी, यशकान्त सिंह, राम सिंगार ओझा, अष्टभुजा शुक्ल, राजेन्द्र तिवारी, राकेश श्रीवास्तव, चन्द्र प्रकाश शुक्ल, आनंद सिंह कलहंस, राजेन्द्र गौड़, दयाराम चौधरी, अमृत कुमार वर्मा, दिलीप पाण्डेय, प्रमोद पाण्डेय, प्रदीप निषाद एवं संजय चौधरी ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने भाजपा का इतिहास, वैचारिक अधिष्ठान, कार्य विस्तार की रणनीति, कार्य पद्धति, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने बूथ प्रबंधन के विषय पर विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि “भाजपा की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। यदि प्रत्येक बूथ सशक्त और सक्रिय होगा, तो संगठन अपने आप मजबूत होगा और चुनावी सफलता सुनिश्चित होगी।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची का सूक्ष्म अध्ययन करें, नए मतदाताओं को जोड़ें तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त करने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक तकनीकों से भी जोड़ना है, ताकि बदलते समय में संगठन की कार्यशैली और अधिक प्रभावी बन सके। अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण और अनुशासन के साथ संगठन के विस्तार में योगदान देने का आह्वान किया।





