
नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है और ईरान समझौता करना चाहता है। हालांकि तेहरान ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान ने उन्हें सुप्रीम लीडर बनने का प्रस्ताव दिया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 26 मार्च को एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि वे ईरान के साथ बातचीत कर रहे हैं। उनका दावा है कि जंग जल्दी खत्म करने के लिए दोनों तरफ से बातें चल रही है। हालांकि, ट्रंप के दावों को ईरान ने खारिज कर दिया है। इन सब के बीच ट्रंप ने एक बात और कह दी, जिसने सबका ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि ईरान के कुछ लोग उनसे अनौपचारिक रूप से कह रहे थे, “आप हमारे अगले सुप्रीम लीडर बन जाओ”। ट्रंप ने हंसते हुए कहा, “मैंने मना कर दिया। दुनिया में किसी देश का नेता ईरान का सुप्रीम लीडर बनना नहीं चाहता होगा।”
राष्ट्रपति ट्रंप ने ये भी बोला कि अमेरिका ने ईरान को बहुत बुरी तरह हरा दिया है। उन्होंने कहा, “हम इतनी बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं कि किसी ने पहले कभी नहीं देखा। ईरान अब बहुत जल्दी समझौता करना चाहता है, लेकिन डर रहा है। डर इसलिए कि अगर उसने समझौता किया तो उसके अपने लोग उसे मार सकते हैं, और हमें भी डर है।” ट्रंप का कहना है कि अमेरिका ने ईरान को 15 सूत्र वाला प्रस्ताव भेजा है। इसमें कहा गया है कि ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम बंद करे, हिजबुल्लाह जैसे गुटों को सपोर्ट न करे और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोल दे। ईरान के एक अधिकारी ने टीवी पर कहा, “ट्रंप अपने आप से बात कर रहे हैं क्या? हम उनके साथ कोई डील कभी नहीं करेंगे, न अब, न भविष्य में।” ईरान ने अपना खुद का 5 सूत्र वाला जवाब दिया है और कहा है कि जंग उसी की शर्तों पर खत्म होगी। अभी ईरान में काफी गड़बड़ चल रही है। कई बड़े नेता मारे जा चुके हैं। पुराने सुप्रीम लीडर की हत्या के बाद उनके बेटे को नया लीडर बनाया गया, लेकिन वह भी अब बाहर नहीं दिख रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप कह रहे हैं, “बात हो रही है, ईरान डील करना चाहता है”, जबकि ईरान कह रहा है, “बिल्कुल नहीं, हम किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे।” जंग अभी भी चल रही है और इससे दुनिया भर में तेल के दाम और इलाके की स्थिति प्रभावित हो रही है।





