
अहमदाबाद। अहमदाबाद के जिस नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में भारत का विश्व विजेता बनने का सपना 3 साल पहले टूटा था, उसी मैदान पर सूर्या सेना ने इतिहास रच दिया है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम को 2023 में वनडे विश्व कप के खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने हराकर करोड़ों भारतीयों का दिल चकनाचूर कर दिया था। अब इसी मैदान पर टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप में लगातार दूसरी बार और कुल तीसरी बार विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल कर लिया। भारत पहला देश बन गया है, जिसने न केवल अपने खिताब की रक्षा की, बल्कि अपने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप का खिताब जीता। भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड को हरा दिया है। इस तरह उसने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। उसकी जीत का श्रेय संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह को जाता है।

इससे पहले भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2007, रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 और अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 2026 में विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। एक लाख की कैपेसिटी वाले भरे स्टेडियम में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 255 रन बनाए, जो विश्व कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद भारतीय फैंस को चुप कराने का सपना देख रही न्यूजीलैंड टीम को 19 ओवरों में 159 रनों पर आसानी से रोक दिया। इस तरह से उसने 96 रनों से जीत दर्ज की। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल के नाम 3 विकेट रहे। भारतीय टीम ने जैसे ही अहमदाबाद में जीत दर्ज की पूरा स्टेडियम रोशनी और पटाखों से जगमगाने लगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई देते हुए लिखा – चैंपियंस! ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई! यह शानदार जीत ज़बरदस्त स्किल्स, पक्के इरादे और टीमवर्क को दिखाती है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त हिम्मत दिखाई है। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। बहुत बढ़िया, टीम इंडिया!
संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की तूफानी पारियों के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में जीत के लिए 256 रन का विशाल टारगेट दिया। इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। टीम इंडिया इस मैच में बगैर किसी बदलाव के उतरी, जबकि कीवी टीम में कोल मैककोन्ची के स्थान पर जैकब डफी को शामिल किया गया।
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने दिलाई भारत को तेज शुरुआत, 98 रनों की साझेदारी
टीम इंडिया ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 7.1 ओवरों में 98 रन की साझेदारी की। अभिषेक 21 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया।
सूर्यकुमार यादव शून्य पर आउट, आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने बरसाए रन
संजू ने लगातार तीसरी पारी में अर्धशतक लगाया। खिताबी मैच में उन्होंने 46 गेंदों में 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 89 रन बनाए। टीम इंडिया को 16वें ओवर की पहली गेंद पर सैमसन के रूप में दूसरा झटका लगा। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर ईशान (54) और अंतिम गेंद पर कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) भी पवेलियन लौट गए। ईशान ने 25 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 54 रन बनाए। टीम इंडिया 204 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो चुकी थी। यहां से तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने हार्दिक पंड्या (18) के साथ 22 रन और शिवम दुबे (नाबाद 26) के साथ 29 रन की अटूट साझेदारी करते हुए भारत को 255 रन तक पहुंचाया, जो टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर भी है। मेहमान टीम की तरफ से जेम्स नीशम ने 4 ओवरों में 46 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि रचिन रवींद्र और मैट हैनरी ने 1-1 विकेट निकाला।
न्यूजीलैंड की पारी – 75 रन पर गिरे 5 विकेट, अक्षर, बुमराह, वरुण और हार्दिक की दमदार बॉलिंग
बड़े लक्ष्य के आगे कीवी टीम छोटे-छोटे अंतराल पर विकेट गंवाती रही। उसे पहला झटका फिन एलन के रूप में लगा, जिन्हें 9 रनों के निजी स्कोर पर अक्षर पटेल ने तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर रचिन रविंद्र को एक रन पर आउट कर दिया। ग्लेन फिलिप्स को अक्षर ने क्लीन बोल्ड कर दिया। वह 5 रन ही बना सके। मार्क चापमैन 3 रन बनाकर हार्दिक पंड्या की गेंद पर बोल्ड हो गए। धांसू अंदाज में बैटिंग कर रहे टिम सीफर्ट को 52 वरुण चक्रवर्ती ने आउट करके भारतीय खेमे में खुशी फैला दी। सीफर्ट ने 26 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्के उड़ाए। इसके बाद निरंतर अंतराल पर विकेट गिरते गए और न्यूजीलैंड की टीम 159 रनों तक पहुंच सकी। बुमराह ने सबसे अधिक 4 विकेट झटके।





