
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश में संभावित बाढ़ और अतिवृष्टि के पूर्व प्रबंधन को लेकर आज लखनऊ में विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि बेहतर तैयारी ही आपदा प्रबंधन की सबसे बड़ी कुंजी है। सभी तटबंधों, ड्रेनों और संवेदनशील स्थानों की समयबद्ध मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। सतर्कता, समन्वय और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करना ही सुरक्षित बाढ़ प्रबंधन का आधार है।

मुख्यमंत्री जी ने सभी तटबंधों और बैराजों पर रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ड्रोन-मैपिंग, वाटर लेवल सेंसर और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय को और मजबूत बनाने का निर्देश देते हुए कहा है कि जहां कहीं नदी के मेन स्ट्रीम में सिल्ट की अधिकता हो, नदी उथली हो, वहां ड्रेजिंग को प्राथमिकता दी जाए और नदी को चैनलाइज किया जाए। यदि ड्रेजिंग से समाधान होना संभव न हो, तभी तटबंध अथवा कटान निरोधी अन्य उपायों को अपनाया जाए।





