बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। इस संबंध में आयोग द्वारा 06 नवंबर 2026 को जारी पत्र के क्रम में संशोधित कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदान स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 02 नवंबर 2026 तक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन अब 17 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावलियों में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने अथवा अन्य आवश्यक दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की है कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि में आवश्यक दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर उसका निराकरण करा लें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।


