बस्ती (उ.प्र.)। कटरा अंडरपास के समीप सोमवार शाम एक कबाड़ की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब सात बजे दुकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। दुकान में रखे कबाड़ और अन्य सामान को हुए नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जा सकेगा।


