बस्ती में कुआनो नदी में कूदी 19 वर्षीय छात्रा, दूसरे दिन भी तलाश जारी
बस्ती। जिले के मूड़घाट पुल से कुआनो नदी में कूदी बीए द्वितीय वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा अंजलि कुमारी की तलाश दूसरे दिन शनिवार को भी जारी है। शुक्रवार दोपहर हुई इस घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मुंडेरवा थाना क्षेत्र के छितही नर्सिंग गांव निवासी सुभाष की बेटी अंजलि बस्ती महिला डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार को वह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। बताया जा रहा है कि मूड़घाट पुल के पास उसने एक राहगीर से मोबाइल लेकर अपने चचेरे भाई से करीब 10 मिनट तक बातचीत की। इसके कुछ देर बाद उसने कुआनो नदी में छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। अंधेरा होने के कारण शुक्रवार शाम करीब छह बजे अभियान रोकना पड़ा। शनिवार सुबह से दोबारा खोजबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा के नदी में कूदने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले में परिजनों और कॉलेज से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। उधर, बेटी की तलाश में परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम छात्रा की तलाश में जुटी हुई है।


