बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। जनपद में अतिवृष्टि एवं तेज आंधी-तूफान के कारण हुई जनहानि के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए। ये सहायता राशि अतिवृष्टि में जान गंवाने वाले दो व्यक्तियों के परिजनों को प्रदान की गई है।

प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नगर बाजार चौबाह पहुंचकर तेज आंधी-तूफान के कारण टीन शेड (झोपड़ी) गिरने से मृत मोती पुत्र खेदू के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतक के निवास स्थान पर पहुंचकर परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। मोती रात्रि में अपने टीन शेड में विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान के कारण टीन शेड गिर गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। इसी क्रम में ग्राम बलुआ निवासी प्रशान्त पुत्र घनश्याम की सर्पदंश से हुई मृत्यु पर प्रभारी मंत्री ने सर्किट हाउस पहुंचकर उनके परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने दोनों शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा
इसके उपरांत सर्किट हाउस सभागार में प्रभारी मंत्री ने बाढ़, लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान से उत्पन्न परिस्थितियों तथा राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिशासी अभियंता बाढ़ को निर्देशित किया कि जनपद की समस्त बाढ़ चौकियां सक्रिय रहें तथा नदियों के जलस्तर की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधीक्षण अभियंता विद्युत से जनपद में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हो पाई है, वहां मैनपावर बढ़ाकर अधिकतम कल तक विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए।
उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल सर्वे कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। वहीं उपनिदेशक कृषि को वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं एवं राहत का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा अतिवृष्टि, आंधी-तूफान एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, विधायक प्रतिनिधि फूलचन्द्र श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, उपनिदेशक कृषि अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता बाढ़ दिनेश कुमार, एस ई विद्युत मोहम्मद खालिद,सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।


