कलवारी-दुबौलिया समेत कई थानों पर तैनात रहे उपनिरीक्षक दलसिंगार गौतम का निधन
इलाज के दौरान ली अंतिम सांस, पुलिस महकमे में शोक की लहर
बस्ती। जिले के कलवारी, दुबौलिया समेत विभिन्न थानों पर लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके उपनिरीक्षक दलसिंगार गौतम (56) का शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वर्तमान में वह गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाने में तैनात थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले के निवासी दलसिंगार गौतम वर्ष 1990 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। तीन दशक से अधिक लंबे सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न थानों पर तैनात रहकर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। बस्ती जिले में कलवारी और दुबौलिया सहित अन्य थानों पर भी उनकी तैनाती रही। पीपीगंज थाने में उनकी तैनाती 1 जनवरी 2024 को हुई थी।
बताया गया कि उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। पत्नी व दोनों बेटियां बिहार में शिक्षिका हैं, जबकि बेटा निजी क्षेत्र में कार्यरत है। उपनिरीक्षक गौतम के आकस्मिक निधन से परिवार में शोक का माहौल है।
उनके निधन पर साथी पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिसकर्मियों ने कहा कि गौतम के सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा और सहयोगी स्वभाव को लंबे समय तक याद किया जाएगा।





