
बस्ती (सू.वि.उ.प्र.)। स्थानीय पुरानी बस्ती थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादियों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं।

जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद, कानून-व्यवस्था तथा जनसामान्य से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए संयुक्त राजस्व – पुलिस टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम जनता का विश्वास प्रशासन के प्रति कायम रहे। जटिल प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध जांच कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। थाना समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद से संबंधित अधिकांश शिकायतें प्राप्त हुईं। इनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संयुक्त राजस्व-पुलिस टीमें गठित की गईं। अधिकारियों ने जनता से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती शशांक शेखर राय सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में जनपद के सभी थानों पर भी थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।





