अभिनव श्रीवास्तव बने निर्विरोध प्रांतीय प्रतिनिधि…..
बस्ती। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के वार्षिक चुनाव 2026 में बस्ती डिपो में कार्यरत अभिनव श्रीवास्तव को निर्विरोध प्रांतीय प्रतिनिधि चुना गया। मंगलवार को परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर में आयोजित वार्षिक चुनाव प्रक्रिया के दौरान उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी और उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
अभिनव श्रीवास्तव के निर्विरोध प्रांतीय प्रतिनिधि चुने जाने की खबर मिलते ही रोडवेज कर्मचारियों एवं उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कर्मचारियों ने इसे उनके प्रति विश्वास और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका की स्वीकार्यता बताया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान संगठन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में निर्वाचन की औपचारिकताएं पूरी की गईं।
नवनिर्वाचित प्रांतीय प्रतिनिधि अभिनव श्रीवास्तव ने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाना और उनके हितों के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को मजबूत और एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। कर्मचारियों के अधिकारों, सुविधाओं और सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर वह हर स्तर पर प्रयास करेंगे। साथ ही संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।





