
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की बुजुर्ग मां की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। वारदात के बाद घर में लूटपाट किए जाने की भी बात सामने आई है। घटना की जानकारी रविवार (16 अगस्त) सुबह उस समय हुई, जब महिला की देखभाल करने वाली दाई जब घर के अंदर पहुंची तो बुजुर्ग महिला का शव पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। घर का सामान भी अस्त – व्यस्त मिला और कुछ सामान गायब बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि लूटपाट के दौरान महिला की हत्या की गई। हालांकि हत्या और लूट की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी।

बताया जा रहा है कि आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र 15 अगस्त को गांव के एक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद वह शनिवार शाम ही लखनऊ लौट गए थे। उनके लखनऊ लौटने के कुछ घंटों बाद ही शनिवार देर रात बदमाशों ने घर में वारदात को अंजाम दिया। उनकी मां घर में अकेली रहती थीं। सोलह अगस्त रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अयोध्या रेंज के आईजी समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई है। वारदात से जुड़े सुराग तलाशे जा रहे हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बदमाश घर में किस रास्ते से दाखिल हुए। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के इलाके में पूछताछ के साथ दूसरे संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। आईपीएस आशुतोष मिश्र वर्तमान में लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में आवास निर्माण से जुड़े कार्य में तैनात बताए जा रहे हैं। वह 2016 बैच के IPS अधिकारी हैं, और इससे पहले राज्य पुलिस सेवा में भी काम कर चुके हैं।





