
बस्ती (सू.वि. उ.प्र.)। कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर जाने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि बैरिकेडिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं मजबूत तरीके से लगाई जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को इस प्रकार संचालित किया जाए कि कांवड़ियों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे और आमजन को भी अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात मुख्य राजस्व अधिकारी ने पचपेडिया रोड पर जलभराव की शिकायत के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त क्षेत्र ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आता है। उन्होंने ग्राम प्रधान एवं खंड विकास अधिकारी की उपस्थिति में जलभराव की समस्या का तत्काल निस्तारण कराये जाने निर्देश दिया।





