
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में जिला न्यायालय के जिला जज पंकज कुमार सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो गया। जिला जज पंकज कुमार का असामयिक निधन हो जाने से न केवल कोर्ट परिसर में सन्नाटा पसरा, बल्कि पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी दिनेश सिंह, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हिसाल बारी समेत अन्य लोगों ने जिला जज के आवास पर जाकर शोक व्यक्त किया। श्री पंकज सिंह के निधन की खबर मिलते ही पूरा न्यायालय परिसर शोक में डूब गया।
जिला जज पंकज सिंह मूल रूप से आजमगढ़ जिले के रहने वाले थे। उनका जन्म 1 जुलाई 1965 में हुआ था। 8 जुलाई 2024 को उनकी बाराबंकी में बतौर जिला जज तैनाती हुई थी। वहीं 30 जून 2025 को उनका रिटायरमेंट होना था। पंकज सिंह स्वस्थ थे और सामान्य कामकाज कर रहे थे। अचानक दिल का दौरा आने से उनकी मृत्यु हो गयी। आवास पर पहुंचे वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज निगम और रणधीर सिंह सुमन ने कहा, “पंकज कुमार सिंह सिर्फ एक न्यायाधीश नहीं थे, बल्कि न्याय, सरलता और सुलभता के प्रतीक थे। उनके कार्यकाल में न्यायालय में लंबित मामलों की संख्या में कमी आई थी। उनका व्यवहार अधिवक्ताओं, वादकारियों और न्यायालय कर्मियों के प्रति बेहद संवेदनशील था।” जिला बार एसोसिएशन ने 28 मार्च 2025 को आपातकालीन बैठक में सर्वसम्मति से शोक प्रस्ताव पारित किया। अधिवक्ताओं ने निर्णय लिया कि वह आज न्यायिक कार्यों में भाग नहीं लेंगे और नियत वादों में उपस्थित नहीं होंगे।