
बस्ती (सू.वि.प्र.)। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा – 2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा राज्य की महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक है। इसकी शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होने बताया कि जनपद में 20 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है, यह परीक्षा 2 जुलाई 3 जुलाई व 4 जुलाई 2026 को आयोजित होगी। इन सभी केन्द्रों पर प्रत्येक दिवस कुल 7608 परीक्षार्थी शामिल होगे। प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यिूटी लगायी गयी है।

जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी केंद्र पर कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए। परीक्षा के दौरान शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा परीक्षा अवधि में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, नकल अथवा अनुचित गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक में प्रश्नपत्रों एवं गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, समयबद्ध वितरण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, संचार व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को निर्विघ्न संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा -2026 को बस्ती जनपद में निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान,अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 राजीव निगम,उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार, मनोज प्रकाश, सत्येन्द्र सिंह, उमाकान्त तिवारी, शत्रुध्न पाठक, रश्मि यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, केन्द्र व्यवस्थापकगण सहित संबधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।





