
लखनऊ। यूपी में योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस विस्तार में छह नए मंत्री बनाए गए हैं। इनमें भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, अजीत पाल समेत कई लोग शामिल हैं। इसके अलावा दो राज्यमंत्रियों का प्रमोशन भी हुआ है। वहीं दूसरी ओर सीएम योगी ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद लोकभवन के सभागार में फिल्म कृष्णावतारम् देखी। फिल्म देखने के बाद सीएम योगी ने इसे प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया।

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए राज्यपाल ने 6 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। जबकि 2 नेताओं को प्रमोशन दिया गया। शपथ लेने वालों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पाण्डेय, अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह में कुल 6 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, जबकि 2 नेताओं को प्रमोशन देकर नई जिम्मेदारी सौंपी गई। मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इनमें हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री बनाया गया है। वहीं अन्य नेताओं को कैबिनेट और स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारियां दी गई हैं।
राज्यपाल ने दिलाई शपथ
लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल ने सभी नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई नेताओं के आवासों और जिलों में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, योगी सरकार का यह मंत्रिमंडल विस्तार पूरी तरह चुनावी रणनीति को ध्यान में रखकर किया गया है। बीजेपी ने इस विस्तार के जरिए पिछड़ा वर्ग, दलित समाज और विभिन्न क्षेत्रीय समुदायों को साधने का प्रयास किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल के नेताओं को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने व्यापक सामाजिक संतुलन बनाने की कोशिश की है। भूपेंद्र चौधरी और मनोज पाण्डेय जैसे नेताओं को शामिल कर संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल का संदेश देने का प्रयास भी माना जा रहा है। वहीं हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री बनाकर पिछड़े और अन्य वर्गों को साधने की रणनीति दिखाई दे रही है।

बीजेपी सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में सरकार विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के साथ-साथ संगठन को भी और मजबूत करेगी। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज थीं और कई नामों पर मंथन चल रहा था। आखिरकार पार्टी नेतृत्व ने जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका दिया। माना जा रहा है कि यह विस्तार आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की बड़ी राजनीतिक तैयारी का हिस्सा है। पार्टी इस कदम के जरिए प्रदेश के विभिन्न वर्गों में अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश में जुटी हुई है।
बस्ती से हर्रैया विधायक अजय सिंह ने नये मंत्रियों को दी बधाई

बस्ती जनपद की हर्रैया विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार के नवनियुक्त राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेन्द्र तोमर एवं राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा पासवान से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नवीन दायित्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप दोनों नेताओं के नेतृत्व एवं कार्यकुशलता से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी तथा प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। ईश्वर से आपके सफल, ऊर्जावान एवं जनसेवा समर्पित कार्यकाल की मंगलकामनाएं।
सीएम योगी ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद लोकभवन के सभागार में फिल्म कृष्णावतारम् देखी और इसे प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म कृष्णावतारम् को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया है। रविवार को मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद राज्यपाल आनंदीबेन व सीएम योगी ने दोनों उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने एक साथ यह फिल्म देखी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इसे टैक्स फ्री करने को घोषणा की। राजधानी स्थित लोकभवन सभागार उस समय पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब गया, जब फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान कृष्णा कृष्णा, राधे राधे के जयघोष से पूरा सभागार गूंज उठा। इस दौरान सभागार खचाखच भरा रहा और फिल्म को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर कलाकारों का सम्मान भी किया।
राज्यपाल औऱ मुख्यमंत्री योगी कल विश्वनाथ धाम जाएंगे
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की सुबह बनारस पहुंच रहे हैं। वे साढ़े तीन घंटे तक यहां रहेंगे। इस दौरान काशी विश्वनाथ धाम में ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद लौट जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, राज्यपाल और मुख्यमंत्री सुबह 9.30 बजे से पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। सड़क मार्ग से विश्वनाथ धाम जाकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। परिसर के त्रयंबकेश्वर बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ के उपलक्ष्य में धाम में सुबह से विभिन्न कार्यक्रम होंगे। जन समूह द्वारा ॐ जप किया जाएगा। मंदिर के शास्त्रीगण एवं छात्र-छात्राएं शंखनाद करेंगी। सोमनाथ भवन (गोलाकार सभास्थल) में विद्यार्थियों द्वारा निर्मित पार्थिव शिवलिंग स्थापित किया जाएगा, जो सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का प्रतीक होगा। राज्यपाल एवं सीएम सोमनाथ को प्रणाम एवं पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। सोमनाथ संकल्प का सामूहिक पाठ किया जाएगा।

सपा 2047 तक प्रदेश की राजनीति से बाहर: केशव प्रसाद
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी नवनियुक्त मंत्रियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि सपा वर्ष 2047 तक प्रदेश की राजनीति से बाहर हो गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकास और सुशासन के बल पर भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। केशव प्रसाद ने कहा कि विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुका है। जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता लगातार घट रही है, इसलिए विपक्ष केवल डबल इंजन सरकार की बुराई कर मीडिया में बने रहने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति को नकार चुकी है तथा विकास, सुरक्षा और राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन दे रही है।





