
प्रयागराज। रोजाना दुनिया भर की संवेदन हीनता के कारण दुर्दशा का दंश झेलने जैसे मामले सामने आते हैं। कभी पति – पत्नी, कभी ससुराल वाले, कभी ब्वाय फ्रेंड गर्लफ्रेंड के विवाद के बीच एक पक्ष ऐसा होता है, जो नैतिकता के संकट से जूझ रहा होता है। इसी बीच प्रयागराज की एक 41 साल की लड़की ने अपने मां – बाप, भाई – बहन के शोषण व उत्पीड़न से मुक्ति के लिए सराय इनायत थाने में अर्जी दी है। इस लड़की ने मां – बाप, भाई – बहन पर आरोप लगाया है कि वे लोग उसकी शादी नही कर रहे हैं। इन लोगों ने उसे घर से भगा दिया है, वह बीस वर्षों से अकेले अलग रह रही है। वह किसी तरह मेहनत मजदूरी करके अपना जीवन यापन कर रही है। उसका कहना है कि वह 41 साल की हो गयी है और अब शादी करके शांतिपूर्ण जीवन बिताना चाहती है। उसने अपनी शादी कराने की मांग की।
माधुरी पटेल ने कहा है कि मैं 41 साल की हो गई और मैं शादी करना चाहती हूं, लेकिन मेरे घर वाले शादी नहीं कर रहे हैं। कहीं से रिश्ता आता है तो मेरा भाई और भाभी इनकार कर देते हैं। कहते हैं पैसे खर्च होंगे। जबकि जमीन लिखवा लेते हैं। उसने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सराय इनायत थाने में तहरीर दी है। युवती ने अपने माता-पिता, भाई – बहन पर FIR दर्ज करने के साथ ही अधिकारियों से शादी कराने की गुहार लगाई है। माधुरी पटेल (41 साल) सरायइनायत थाना क्षेत्र के मनापुर उर्फ बगईकला गांव की रहने वाली है। माधुरी ने सरायइनायत थाने में तहरीर देकर कहा- मैं 20 साल से घर में अकेले रह रही हूं। मेरे माता-पिता ने पारिवारिक कारणों से मुझे घर से अलग कर दिया है।
पिता रामराज पटेल, माता बिमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल मेरे साथ गालीगलौज करने के साथ मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। परिवार के लोग मेरे साथ मारपीट करते हैं। माधुरी ने कहा – मेरी उम्र 41 साल हो गई है, लेकिन मेरे मां-बाप ने मेरी शादी नहीं की। बल्कि शादी के लिए मुझे ही दोषी ठहराते हैं। मैंने कभी अपनी शादी से इंकार नहीं किया है। तहरीर में युवती ने पुलिस से गुहार लगाई है। उसने कहा- मेरी शादी किसी अच्छे लड़के से करा दी जाए, जिससे मैं सम्मानपूर्वक जीवन जी सकूं।
माधुरी ने कहा – मैं पिछले 20 साल से अकेली रह रही हूं लेकिन परिवार ने मेरी किसी प्रकार से आर्थिक मदद नहीं की। उसे कभी खाने-पीने की चीज नहीं दी गई। मैं खुद एक स्कूल में पढ़ाकर, कपड़ों की दुकान, ब्यूटी पार्लर में काम करके अपना जीवनयापन कर रही हूं। माधुरी ने कहा- 27 अप्रैल को मैं घर में नहा रही थी तभी मेरे पिता रामराज पटेल, माता विमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल कमरे में घुस आए और मेरे साथ मारपीट की। मुझे पांचों ने जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद मैं किसी तरह से बचकर भागी।
अब देखना यह है कि किसी की जिंदगी और भविष्य से जुड़े इस संवेदनशील मामले में उसे कितना न्याय मिल पाता है। ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से और वरीयता के आधार न्याय सुलभ होने उदाहरण प्रस्तुत होना चाहिए। क्योंकि उसने सिर्फ मानवीय मूल्यों की खातिर ओवर एज होने की स्थिति में शादी कराने के लिए अपने ही मां – बाप से न्याय दिलाने की मांग की है। घर बसाना ही उसका सपना है।





