
मेरठ (उ.प्र.)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। पीएम मोदी ने आज 22 फरवरी को मेरठ में नमो भारत और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाई। शताब्दी नगर से मेरठ साउथ तक पीएम ने खुद मेट्रो की सवारी की। साथ ही उन्होंने मेरठ के लिए ₹12,930 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। दिल्ली – मेरठ के बीच का यह हाई-स्पीड कॉरिडोर अब यात्रियों का सफर 55 मिनट में पूरा करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ के शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर ऐतिहासिक पहल करते हुए मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन (RRTS) के विस्तारित खंड को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है। प्रधानमंत्री केवल ट्रेनों का उद्घाटन ही नहीं कर रहे, बल्कि वह मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के लिए ₹12,930 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। यह कॉरिडोर न केवल दिल्ली और मेरठ की दूरी को समेटकर 55 मिनट कर देगा, बल्कि मेरठ दुनिया का वह अनोखा शहर बन जाएगा जहां एक ही ट्रैक पर हाई-स्पीड रैपिड रेल और मेट्रो साथ-साथ दौड़ेंगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला सांसदों को भेज करके सीट पर कब्जा करके आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हो। क्या आप लोग इतने खोखले हो गए हो कि माताओं – बहनों को इसके लिए आगे कर रहे हो। कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है। एक बात से मुझे संतोष है कि दिल्ली में जो घटना घटी, कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की भरपूर आलोचना करने की हिम्मत दिखाई है। मैं इसके लिए उनका सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करता हूं।
कांग्रेस की थू-थू हो रही
पीएम मोदी ने कहा कि एआई समिट ये भाजपा का समारोह नहीं था, ये देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था। लेकिन कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दी। आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति – नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए… इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय बेशर्मी के साथ गरजते हैं और ये मामला कांग्रेस की हरकतों का लगातार चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने नेताओं ने वहां जो कुछ किया वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कितनी दिवालिया, कितनी दरिद्र हो गई है। कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है।

(मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया मोदी का स्वागत)
पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी।
कांग्रेस और सपा-बसपा ने नहीं बदली जहरीली राजनीति
पीएम ने यह भी कहा कि मैंने तब भी कांग्रेस और सपा बसपा को कहा था कि अपनी जहरीली राजनीति छोड़िए और आइए। विकास के मुद्दे पर मुकाबला करके देखते हैं। इन दलों ने तो अपनी जहरीली राजनीति नहीं बदली, लेकिन भाजपा ने विकास और अपनी नीति-रीति, अपनी नियत में अगर एक बात को सर्वोत्तम में रखा तो वो है विकास। 2014 से पहले भारत में मेट्रो का विस्तार बहुत ही धीमी गति से हो रहा था। हालत ये थी कि कांग्रेस सरकार के समय में देश के सिर्फ पांच शहरों में ही मेट्रो चल पाई थी। जबकि आज भाजपा सरकार में देश के 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो चलने लगी है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लोग दिल्ली दूर मानकर लोग घर बैठ जाते थे। 12 लाइन का एक्सप्रेस-वे दिल्ली से मेरठ जुड़ गया है। दिल्ली से मेरठ पहुंचने में कुल 45 से 50 मिनट लगते हैं। नमो भारत के तोहफे से यह दूरी ओर भी कम होगी। आज से 10-11 साल पहले मेरठ से दिल्ली की दूरी एक चुनौती होती थी, लोग दिल्ली दूर मानकर थक जाते थे लेकिन आज 12 लेन के एक्सप्रेस हाईवे के साथ दिल्ली से मेरठ जुड़ा है। आज प्रधानमंत्री ने जो नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का जो उपहार दिया है वह अपने आप में इस दूरी को और कम करने का काम कर रहा है।
एआई समिट पर भी बोले सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने दिल्ली में हुए ग्लोबल AI समिट के बड़े इवेंट को भी देखा। इस इवेंट में कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने हिस्सा लिया। उस समिट में सौ से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके जरिए, हम सभी ने ग्लोबल लीडर्स को हमारे प्रधानमंत्री के विजन और जमीन पर उस विजन को असरदार तरीके से लागू करने की तारीफ करते देखा। हम सभी ने देखा कि कैसे फ्रांस के प्रेसिडेंट मैक्रों ने AI समिट में डिजिटल इंडिया की सफलता के बारे में विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि भारत ने कुछ ऐसा बनाया है जो दुनिया का कोई दूसरा देश हासिल नहीं कर सका। 1.4 बिलियन लोगों के लिए एक डिजिटल पहचान, मतलब 140 मिलियन लोगों की डिजिटल पहचान।
किराया: दिल्ली और नोएडा मेट्रो के बराबर होने की उम्मीद
मेरठ मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर बोझ नहीं पड़ेगा। सूत्रों के अनुसार, मेरठ मेट्रो का किराया दिल्ली मेट्रो या नोएडा मेट्रो के आसपास ही रहने की संभावना है।
न्यूनतम किराया: ₹10 होने की उम्मीद है। अधिकतम किराया: ₹40 से ₹50 के बीच रहने की संभावना है
बताया जा रहा कि किराए की आधिकारिक दरों की घोषणा जल्द ही उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम (UPMRC) द्वारा की जाएगी। वहीं, नमो भारत (RRTS) का किराया ₹2.60 प्रति किलोमीटर के हिसाब से तय किया गया है।




