
बस्ती (उ.प्र.)। मरियम हॉस्पिटल में बुजुर्ग महिला की मृत्यु के प्रकरण की जांच के लिए डिप्टी सीएमओ अस्पताल पहुंचे। इस दौरान अस्पताल के निर्धारित मानकों की भी विस्तृत जांच की गयी। निजी अस्पताल एवं क्लीनिक के नोडल डिप्टी सीएमओ डॉ. एस.बी. सिंह ने बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव निगम के निर्देश पर अस्पताल की जांच की। जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की पड़ताल की गयी। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था तथा आपातकालीन निकासी (इमरजेंसी एग्जिट) की व्यवस्था का भी जायजा लिया। रिपोर्ट के आधार पर यदि अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो उसका पंजीयन निलंबित करने की कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि वाल्टरगंज थाना क्षेत्र की 71 वर्षीय महिला को 10 फरवरी की रात मरियम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। महिला को सांस लेने में तकलीफ तथा पेट दर्द की शिकायत थी। परिजनों का आरोप है कि उपचार में लापरवाही बरती गई और चिकित्सक समय पर देखने नहीं पहुंचे, जिससे उनकी हालत बिगड़ती गई और अंततः उनकी मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया, जिससे कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने पूर्व में एसीएमओ डॉ. ए.के. चौधरी को मौके पर भेजा था। अब विस्तृत जांच के लिए डिप्टी सीएमओ को निर्देशित किया गया है।





