
अंबेडकर नगर। जनपद में एक अनोखे और चर्चित वैवाहिक समारोह ने सामाजिक सरोकारों के साथ नई मिसाल पेश की है। मशहूर सोशल मीडिया क्रिएटर रंजना यादव किन्नर ने पत्रकार बृजेश सिंह के साथ मां वैष्णो माता मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
इस विवाह की खबर सामने आते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और आपसी सहमति व विश्वास के आधार पर जीवनसाथी बनने का निर्णय लिया। मंदिर परिसर में आयोजित इस सादगीपूर्ण किन्तु गरिमामय समारोह में चुनिंदा परिजन, मित्रगण और शुभचिंतक उपस्थित रहे। धार्मिक वातावरण के बीच दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनपर्यंत साथ निभाने की शपथ ली। रंजना यादव किन्नर सोशल मीडिया पर अपने प्रभावशाली वीडियो, सामाजिक संदेशों और जागरूकता अभियानों के कारण व्यापक पहचान रखती हैं।





