
बस्ती (उ.प्र.)। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़नी मिश्र में महर्षि वशिष्ठ मंदिर में फरवरी माह में प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित है। इस दौरान कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे, जिनकी शुरुआत 9 फरवरी को कथा स्थल के भूमि पूजन से होगी। इसके साथ ही 18 से 26 फरवरी तक महर्षि वशिष्ठ रामायण कथा पूरे कार्यक्रम का प्रमुख केन्द्र बिन्दु है। जिसमें स्वामी रामभद्राचार्य जी पधार रहे हैं। भूमि पूजन अयोध्या धाम के महापौर एवं त्रिकालश मंदिर के महंत गिरीश पति त्रिपाठी संपन्न कराएंगे। कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि 11 फरवरी को सुबह 9 बजे गुरु तीर्थ वशिष्ठ धाम से अयोध्या तक एक आमंत्रण रथ यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद, 16 फरवरी से प्राण प्रतिष्ठा की अधिवास पूजा शुरू होगी। इस पूजा में अयोध्या और वृंदावन सहित विभिन्न तीर्थों से आए 11 विद्वान आचार्य विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराएंगे।
18 से 26 फरवरी तक तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज वशिष्ठ रामायण कथा का वाचन करेंगे। इसे विश्व में पहली बार आयोजित होने वाली विशेष कथा बताया जा रहा है। 20 फरवरी को वशिष्ठ मंदिर में मुख्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह होगा। इसमें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्रतिदिन शाम 6 बजे से राम और राष्ट्र को समर्पित भजनों की प्रस्तुति प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा दी जाएगी। कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि कथा के मुख्य यजमान उद्योगपति चंद्र भूषण मिश्र हैं। उनके सहयोग से महर्षि वशिष्ठ, माता अरुंधति, भगवान श्रीराम और उनके चारों भाइयों के विग्रह जयपुर में तैयार कराए गए हैं। इन विग्रहों को 10 फरवरी तक वशिष्ठ आश्रम लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन बस्ती जनपद के गौरवशाली इतिहास को पुनः प्रतिष्ठित करने का एक अवसर है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ग्राम बढ़नी मिश्र सहित पूरे जनपद में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने लोगों से इस महोत्सव में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।





