
बस्ती (उ.प्र.)। महार्षि वशिष्ठ स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज, बस्ती के बायोकेमिस्ट्री विभाग के सहायक आचार्य डॉ0 विवेक आनंद को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए केजीएमयू, लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन में श्रेष्ठ शोध प्रस्तुति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सम्मेलन सचिव द्वारा प्रदान किया गया।सम्मेलन के दौरान डॉ0 विवेक आनंद ने गर्भावस्था में मधुमेह (जेस्टेशनल डायबिटीज मेलिट्स) के सटीक एवं समयबद्ध निदान से संबंधित विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। उनके शोध को राष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत उपयोगी एवं व्यावहारिक मानते हुए यह पुरस्कार प्रदान किया गया। डॉ.0विवेक आनंद ने बताया कि इस शोध का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में मधुमेह की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करना है, ताकि समय रहते उचित उपचार, नियमित निगरानी एवं प्रभावी प्रबंधन संभव हो सके। विशेषज्ञों के अनुसार यह अध्ययन मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस शोध कार्य में डॉ0 आनंद बिहारी, सहायक आचार्य, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। यह अध्ययन बायोकेमिस्ट्री, प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा कम्युनिटी मेडिसिन विभागों के आपसी समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। डॉ0 विवेक आनंद की इस उपलब्धि से न केवल महार्षि वशिष्ठ स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज, बस्ती का गौरव बढ़ा है, बल्कि जिले और प्रदेश के चिकित्सा क्षेत्र में भी संस्थान की सकारात्मक पहचान बनी है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं सभी सहयोगी विभागों ने उन्हें इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी है।





