
बस्ती (उ. प्र.)। वरिष्ठ पत्रकार, समाचार समूह के सम्पादक, कवि व गीतकार विनोद उपाध्याय लगातार चौथी बार प्रेस क्लब बस्ती के अध्यक्ष चुने गये। इनके अलावा इस पद पर लड़ रहे दो अन्य प्रत्याशियों को जमानत बचाने के लाले पड़े रहे। विनोद उपाध्याय ने 120 मत पाकर प्रतिद्वंदियों के दांत खट्टे कर दिये। इस समय इनकी लहर चल रही है। महामंत्री पद पर महेन्द्र तिवारी लगातार दूसरी बार जीते हैं। इनके प्रतिद्वंद्वी मनोज यादव ने इन्हें कड़ी टक्कर दी है। इस पद पर दो ही प्रत्याशी थे। संरक्षक के पद पर प्रकाश चन्द्र गुप्त इस बार भी संरक्षक चुने गये। इनके प्रतिद्वंदियों ने भी इन्हें कड़ी टक्कर दी है। वरिष्ठ पत्रकार अमित सिंह सोनू और डॉ. वीके वर्मा उपाध्यक्ष चुने गये।
पत्रकारों की प्रतिष्ठित संस्था प्रेस क्लब बस्ती का चुनाव बाकायदा लोकतंत्रिक तरीके से पूरी गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। पत्रकारों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और अपने पसंदीदा साथी को वोट दिया। एक महीने की गहमागहमी के बाद हो रहे चुनाव पर प्रशासनिक गलियारे से लेकर सियासी अमले की खास नजर थी। प्रेस क्लब बस्ती का चुनाव बेहद रोमांचक रहा।
विनोद कुमार उपाध्याय अध्यक्ष, संरक्षक प्रकाश चन्द्र गुप्त, महेन्द्र तिवारी महामंत्री, अमित सिंह सोनू और डॉ. वीके वर्मा उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष राकेश चन्द्र बिन्नू, संगठन मंत्री सर्वेश कुमार श्रीवास्तव और वशिष्ठ कुमार पाण्डेय संप्रेक्षक पर विजयी हुए हैं। कार्यकारिणी सदस्य के पद पर राजेन्द्र उपाध्याय, राघवेंद्र मिश्र पट्टू, जीशान हैदर रिजवी, संजय विश्वकर्मा, राजेश पाण्डेय, रचना दुबे एवं बिपिन बिहारी त्रिपाठी चुनाव जीत गये हैं। इस तरह 15 पदों पर 30 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे थे।
इस प्रेस क्लब बस्ती के चुनाव में अध्यक्ष के 1 पद के लिए 3 प्रत्याशी विनोद कुमार उपाध्याय, सुदृष्टि नारायण तिवारी और सलामुद्दीन कुरैशी रहे। संरक्षक के 1 पद के लिए 3 प्रत्याशी प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र गुप्त, बाबू दिनेश सिंह और अशोक श्रीवास्तव रहे। महामंत्री के 1 पद के लिए 2 प्रत्याशी महेन्द्र तिवारी और मनोज कुमार यादव रहे। संगठन मंत्री के 1 पद के लिए 2 प्रत्याशी सर्वेश कुमार श्रीवास्तव और अरूणेश कुमार श्रीवास्तव प्रत्याशी रहे। कोषाध्यक्ष के 1 पद के लिए 2 प्रत्याशी राकेश चन्द्र बिन्नू और शहंशाह आलम रहे। सम्प्रेक्षक के 1 पद के लिए 2 प्रत्याशी वशिष्ठ कुमार पाण्डेय एवं अश्वनी कुमार शुक्ल रहे। उपाध्यक्ष के 2 पदों के लिए 3 प्रत्याशी अमित कुमार सिंह सोनू, डॉ. वीके वर्मा एवं चंद्र प्रकाश शर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। सदस्य कार्यकारिणी के 7 पदों के लिए राघवेंद्र प्रसाद मिश्र, राजेन्द्र उपाध्याय, जीशान हैदर रिजवी, संजय विश्वकर्मा, राजेश पाण्डेय, रचना दुबे, बिपिन बिहारी त्रिपाठी, इमरान अली, संतोष तिवारी, वीर कुमार तिवारी, दिलीप कुमार सिंह व आनंद कुमार गुप्ता प्रत्याशी रहे। करीब तीस साल पुराने प्रेस क्लब बस्ती में कुल 15 पदों पर चुनाव होते हैं। इसबार कुल 30 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
प्रेस क्लब बस्ती में संगठन मंत्री पद पर विजयी हुए सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आप सब के स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद से प्रेस क्लब बस्ती के चुनाव में इस बार संगठन मंत्री के पद पर विजय हासिल हुआ। आप सभी का ह्रदय से आभार। कार्यकारिणी सदस्य के रुप में चुनाव में विजयी हुए राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि सम्मानित प्रेस क्लब के सदस्यों के आशीर्वाद से दूसरी बार कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया। इसके लिए बड़ों को प्रणाम छोटों को स्नेह। आप लोगो का आशीर्वाद एवं स्नेह इसी तरह बना रहे। साथ ही सभी पत्रकार बंधुओ एवं सहयोगियों को बहुत बहुत आभार।
वरिष्ठ अधिवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्य कृष्ण कुमार उपाध्याय ने कहा है कि प्रेस क्लब बस्ती का चुनाव लोकतंत्र की आदर्श संस्कृति का पालन करते हुए सम्पन्न हुआ है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने स्वस्थ लोकतंत्र में मजबूती से अपनी जिम्मेदारी निभाई है। श्री उपाध्याय ने प्रेस क्लब बस्ती द्वारा और अधिक कीर्तिमान स्थापित करने की अपेक्षा व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब बस्ती पत्रकारों का एक संगठन ही नहीं अपितु टीम भावना का अच्छा उदाहरण है। सभी प्रत्याशियों ने सभी मतदाताओं से सम्पर्क किया और अपने पक्ष में वोट तो मांगा, परन्तु मर्यादाओं को स्थापित करने के सफल प्रयासों के साथ।
ग्लैमरस रहा चुनाव
प्रेस क्लब बस्ती का चुनाव बेहद ग्लैमरस भी रहा। विनोद उपाध्याय 9 साल बेमिसाल अध्यक्ष रह चुके हैं। तीन साल के लिए फिर हो गये हैं। प्रेस क्लब बस्ती का कार्यकाल 3 वर्ष का होता है। 1993 में प्रकाश चन्द्र गुप्त के नेतृत्व में स्थापित पत्रकार संगठन ‘प्रेस क्लब बस्ती’ यहां के पत्रकारों के लिए बेहद खास है। इसमें चुनावी प्रक्रिया होने के कारण सदस्य बनने के लिए हमेशा मारा मारी लगी रहती है। बस्ती में पत्रकारों की यह इकलौती संस्था है, जिसके पास अपना विशाल भवन है। भवन बनाने का श्रेय प्रकाश चन्द्र गुप्त को जाता है और इसे विशाल बनाने का श्रेय अध्यक्ष विनोद कुमार उपाध्याय को जाता है।
इसके गठन के बाद करीब बाइस सालों तक प्रकाश चन्द्र गुप्त अध्यक्ष के पद पर बने रहे। हालांकि सदस्य पत्रकार लगातार चुनावी प्रक्रिया के अन्तर्गत पदों पर चुनाव की मांग करते रहते थे। परन्तु आचार संहिता में उस वक्त ऐसी व्यवस्था नहीं थी। जिसके कारण तमाम आरोप प्रत्यारोप और विवाद चलते रहते थे। फलस्वरूप आचार संहिता (बाइलाज) में कई बार संशोधन हुए।
आखिरकार साल 2016 में पहली बार सभी पदों पर चुनावी प्रक्रिया के अन्तर्गत चुनाव सम्पन्न हुआ। तभी से 2016, 2019, 2022 और चौथा चुनाव अब 2025 में चुनाव सम्पन्न हुआ। इन नौ वर्षों से विनोद उपाध्याय लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने गये और प्रकाश चन्द्र गुप्त लगातार संरक्षक चुने गये। महामंत्री की बात करें तो 2016 में महेन्द्र तिवारी महामंत्री चुने गये थे। 2019 में रमेश मिश्र ने महामंत्री के पद पर बाजी मारी थी। लेकिन महेन्द्र तिवारी ने फिर 2022 और 2025 में महामंत्री का चुनाव जीत लिया है। इस बार रमेश मिश्र ने चुनाव नहीं लड़ा था।
(प्रकाश चन्द्र गुप्त – संरक्षक प्रेस क्लब बस्ती)
डॉ. कंचन माला त्रिपाठी ने कहा कि प्रेस क्लब बस्ती के चुनाव में आज चुनावी प्रक्रिया में सहायक निर्वाचन अधिकारी पद का दायित्व निर्वहन किया।
इस महत्वपूर्ण चुनाव में राष्ट्रीय सहारा ब्यूरो चीफ डॉ.आलोक मणि त्रिपाठी, प्रमोद श्रीवास्तव एवं आशीष शुक्ल एवं प्रेस क्लब के चुनाव में नवनिर्वाचित सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई,असीम शुभकामनाएं। ये सभी 4 लोग सहायक चुनाव अधिकारी थे। मुख्य चुनाव अधिकारी केडी मिश्र रहे। केडी मिश्र, आशीष शुक्ल, डॉ. आलोक मणि त्रिपाठी एवं प्रमोद श्रीवास्तव ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाईयां देते हुए प्रेस की गरिमा और अधिक ऊंचाईयों पर जाने की अपेक्षा की है।