
अयोध्या। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अयोध्या के श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में अपनी पकड़ को मजबूत करते हुये पूर्वी क्षेत्र के संघ चालक कृष्णमोहन को सफलता पूर्वक ट्रस्ट का नया न्यासी बनवा दिया। आज मंगलवार को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में हरदोई के निवासी पूर्व प्रशासनिक अधिकारी कृष्णमोहन को नया न्यासी नियुक्त किया है।
कृष्णमोहन हरदोई जनपद के शाहाबाद तहसील अन्तर्गत ग्राम सिकन्दरपुर बाजार, मजरा चन्द्रपुर के मूल निवासी हैं। वर्तमान में हरदोई शहर में निवास करते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से भूगर्भ शास्त्र में परास्नातक करने के उपरांत परमाणु ऊर्जा विभाग में वैज्ञानिक पद पर कुछ वर्षो तक कार्य किया। तत्पश्चात 1978 में भारतीय वन सेवा में चयन होने के बाद महाराष्ट्र राज्य में वन विभाग के विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए एपीसीसीएफ के पद से 2012 में सेवानिवृत्त हुए तथा 2012 से हरदोई में निवास करते हैं। सेवानिवृत्ति के पश्चात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में सक्रिय भूमिका में रहते हुए कृष्णमोहन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक, जिला संघ चालक एवं अवध प्रान्त के प्रांत संघचालक के दायित्व का निर्वहन किया। 2024 से कृष्णमोहन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।